सीमा पार कर नेपाल में घुसने का प्रयास कर रहा जर्मन नागरिक गिरफ्तार
महाराजगंज, अमृत विचार। भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली क्षेत्र में शुक्रवार को कथित तौर पर नेपाल में घुसने का प्रयास कर रहे 44 वर्षीय एक जर्मन नागरिक को गिरफ्तार किया गया। उसकी वीजा की अवधि खत्म हो चुकी थी। पुलिस ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने कहा, “तोवियस मैक्सिमिलियन रेहन (44) भारत से नेपाल जा रहा था। सोनौली क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी।”
स्थानीय आसूचना इकाई के एक अधिकारी ने कहा कि विदेशी नागरिक के खिलाफ विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उनके अनुसार खुफिया ब्यूरो को इस मामले की जानकारी दी गई है और विदेशी व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। महाराजगंज जिले में सोनौली भारत-नेपाल सीमा पर स्थित है और यह भारत और नेपाल के बीच आवागमन का एक मार्ग है।
ये भी पढ़ें -सुलतानपुर: सांकेतिक पोल से टकराई बेकाबू बाइक, दो युवकों की मौत
