मुरादाबाद के दीपकों से जगमग होगी कई प्रदेशों में दीपावली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार।  मुरादाबादी दीपक से देश के कई प्रदेशों में दीपावली की रोशनी जगमग होगी। ईश्वर आराधना में जिस पूजन सामग्री का इस्तेमाल होगा, उसमें खुशबू मुरादाबाद की होगी। जी हां, कुछ ऐसी ही सौगात दशहरा के अवसर पर पीतल नगरी के दस्तकारों को दीपावली बोनस के रूप में मिली है। विभिन्न प्रदेशों के ग्राहकों …

मुरादाबाद,अमृत विचार।  मुरादाबादी दीपक से देश के कई प्रदेशों में दीपावली की रोशनी जगमग होगी। ईश्वर आराधना में जिस पूजन सामग्री का इस्तेमाल होगा, उसमें खुशबू मुरादाबाद की होगी। जी हां, कुछ ऐसी ही सौगात दशहरा के अवसर पर पीतल नगरी के दस्तकारों को दीपावली बोनस के रूप में मिली है। विभिन्न प्रदेशों के ग्राहकों ने मुरादाबादी दस्तकारों के बनाए गए दीपावली उत्पाद पर दिलचस्पी दिखाई है। उनके नंबर लिए हैं और मूल्य की जानकारी भी ली है। यही नहीं कई ग्राहकों ने तो आर्डर भी दे दिए हैं। रविवार को वर्चुअल फेयर में ग्राहकों की बढ़ी संख्या देखकर दस्तकार गदगद हैं। उम्मीद है कि दीपावली पर पीतल नगरी का कारोबार भी चमक बिखेर सकेगा।

एक जनपद एक दाम (ओडीओपी) योजना के तहत जो भौतिक मेले का आयोजन किया जाता था, इस बार कोविड काल के चलते उसे वर्चुअल मेले के माध्यम से किया जा रहा है। पहली बार इस पर वर्चुअल मेला आयोजित किया गया तो प्रतिभागियों के लिए यह बेहद असमंजस की स्थिति बन गई थी। पर जैसे-जैसे ग्राहकों की वर्चुअली मौजूदगी बढ़ रही है, दस्तकारों के हौसले भी बढ़ रहे हैं।

दशहरा का दिन दस्तकारों के लिए एक बड़ी मुस्कान लेकर आया। ऑनलाइन बुकिंग बढ़ी, ग्राहकों की दस्तक रही और उत्पादों के प्रति एक सकारात्मक रवैया भी देखने को मिला।

दस्तकार आजम अंसारी ने बताया कि खुशी की बात तो सबसे ज्यादा यह रही कि लोकल के ग्राहकों के साथ-साथ बाहरी प्रदेशों के ग्राहकों ने खूब बढ़ चढ़कर भाग लिया। दीपावली आ रही है, इसके लिए पूजन सामग्री बुक की गई। दीपकों की डिमांड बढ़ी है। इसके साथ ही मेटल के प्रोडक्ट भी बुक किए गए हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, पांडिचेरी, दिल्ली, नोएडा के काफी ग्राहकों ने संपर्क किया। उत्पादों की फोटोज ली और कांटेक्ट नंबर भी उन्होंने लिए हैं। उन्हें दीपावली के लिए अच्छा व्यापार होने की उम्मीद भी होने लगी है।

लघु उद्योग विभाग उपायुक्त अनुज कुमार ने बताया कि ओडीओपी मेले का वर्चुअली आयोजन चल रहा है। अच्छी बात यह है कि ग्राहक ऑनलाइन काफी संख्या में जुड़ रहे हैं। पीतल नगरी के उत्पाद उन्हें लुभा रहे हैं, ऐसा दस्तकारों से फीडबैक से मिल रहा है। अच्छा है कारोबार बढ़ेगा और दस्तकारों के संपर्क भी बढ़ेंगे। अभी मेला चल रहा है, इसके परिणाम अच्छे ही आने की उम्मीद है।

संबंधित समाचार