लखनऊ: योगी जी हमारा घर मत तोड़िए.. हम कहां रहेंगे.. कैसे पढ़ेंगे? पंत नगर के बच्चों ने CM से लगाई गुहार

Amrit Vichar Network
Published By Ankit Yadav
On

अमृत विचार, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कुकरैल नदी के सौन्दर्यीकरण को लेकर अकबरनगर में ध्वस्तीकरण के बाद अब रहीम नगर, पंत नगर, इंद्रप्रस्थ नगर और अबरार नगर में मकानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होनी है। पंत नगर में एलडीए की ओर से मकानों पर लाल निशान लगने के बाद स्थानीय निवासियों में बुजुर्ग हो या महिलाएं या बच्चे सभी में अपने आशियाना खोने का डर सताने लगा है। पूरी कॉलोनी में भय का माहौल है। लोगों के रातों की नींद उड़ गई है और भूख-प्यास गायब हो गई है। वहीं रविवार को पंत नगर के बच्चों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है। बच्चों ने कहा कि उनका घर न तोड़ा जाये, नहीं तो सब कहां रहेंगे और कैसे पढ़ेंगे। 

योगी जी... हाथ जोड़कर विनम्र निवेदन... हमारा घर छोड़ दीजिए
 

पंतनगर के रहने वाले आयुष प्रताप सिंह ने बताया कि हमें हमारा घर सुरक्षित चाहिए। अगर हमारा घर अवैध है तो सरकार भी अवैध है। हमें न्याय चाहिए। अनम खान ने कहा कि मुख्यमंत्री जी आपसे हाथ जोड़कर विनम्र निवेदन करते हैं कि हमारा घर छोड़ दीजिए। अनम ने कहा कि योगी जी जितना बच्चों को प्यार करते हैं, उतना ही बच्चे भी उनको प्यार करते हैं। मां बाप ने लोन लेकर खून पसीने की मेहनत से घर बनाया है। घर बनाने में 10 साल लग जाते है और उजाड़ने में एक मिनट। 

प्रिय योगी जी...  घर न तोड़ें ... सिर से छत न छीनें...

वहीं सानवी ओझा ने कहा कि घर यादों से जुड़ा होता है और तिनकों तिनकों से बनता है। उस घर को तोड़ने में ज्यादा वक्त नहीं लगता है। हमें कुछ नहीं चाहिए बस हमारे घर लौटा दीजिए और उसे तोड़िए नहीं। अफरा महफूज ने कहा कि प्रिय योगी जी उनका घर न तोड़े और उनके सिर से छत न छीनें। उन्होंने कहा कि उनकी परीक्षा होने वाली है, परीक्षा में ध्यान दें या इन सब में। इस घर से बहुत यादें जुड़ी हुई हैं। नाना, दादा सब यहीं पले बढ़े हैं। नंदिनी ने कहा कि हम सभी मुख्यमंत्री जी को बहुत प्यार करते हैं। सीएम हमारे ऊपर जुल्म न करें और हमारा घर न तोड़े। 

पढ़ाई में ध्यान लगाए या इन सब में ध्यान लगाए

रहीम नगर, पंत नगर, इंद्रप्रस्थ नगर और अबरार नगर (6)

इसके अलावा यश शर्मा ने कहा कि योगी जी पुकार है कि हमारा घर छोड़ दिया। हम लोग पढ़ाई करते है, एग्जाम होने वाले है, हम लोग कहां रहेंगे। ऐसा होगा तो हम लोग पढ़ाई में ध्यान लगाए या इन सब में ध्यान लगाए। फलक नाज ने कहा कि सरकार से विनम्र निवेदन है कि घर न छीना जाए। सरकार बोलती है है कि बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओ। लेकिन, यहां पर घर तोड़ने की बात हो रही है। सरकार बताए हम लोग पढ़ाई करे या इन सब चीजों में ध्यान दे।

अगर दस्तावेज अवैध है, तो वैध क्या?

रहीम नगर, पंत नगर, इंद्रप्रस्थ नगर और अबरार नगर (2)

मकानों पर लाल निशान लगाए जाने नाराज पंत नगर के निवासियों ने अपने घरों के बाहर मकान की रजिस्ट्री, दाखिला खारिज समेत अन्य दस्तावेजों की फोटोकॉपी चस्पा की है। साथ ही लोगों ने अपने घरों के बाहर ये भी चस्पा किया है कि अगर यह अगर दस्तावेज अवैध है, तो वैध क्या?।

मकानों पर लगाए गए लाल चिह्न

रहीम नगर, पंत नगर, इंद्रप्रस्थ नगर और अबरार नगर (5)

लखनऊ विकास प्राधिकरण और सिंचाई विभाग ने रहीम नगर, पंत नगर, इंद्रप्रस्थ नगर और अबरार नगर में पहले सर्वे किया। इसके बाद कुकरैल नदी के किनारे ग्रीन बेल्ट की जद में आये मकानों पर लाल निशान लगाए हैं। दरअसल, जिन मकानों पर एलडीए की ओर से चिन्हीकरण किया है, उन सभी मकानों को जमींदोज किया जायेगा। कुकरैल नदी के किनारे से करीब 50-100 मीटर तक कॉलोनी के मकानों पर लाल निशान लगाए हैं। 

घरों के बाहर लोगों ने लगाई मकान की रजिस्ट्री

रहीम नगर, पंत नगर, इंद्रप्रस्थ नगर और अबरार नगर (3)

मकानों पर लाल निशान लगाए जाने के बाद नाराज निवासियों ने अपने घरों के बाहर मकान की रजिस्ट्री और दाखिला खारिज की फोटोकॉपी चस्पा की है। पंतनगर के निवासियों के मुताबिक मकानों पर लाल निशान लगाने के दौरान अधिकारियों ने मकानों को अवैध बताया है। स्थानियों ने अमृत विचार से बातचीत करत्ते हुए कहा कि 40 साल से यहां लोग रह रहे हैं तब अवैध नहीं था, अब कैसे अवैध हो गया? स्थानियों ने कहा कि अगर ये जमीन ग्रीन बेल्ट जोन में थी तो सरकार और प्रशासन ने यहां घर क्यों बनने दिया। उन्होंने आगे बताया कि सबके पास मकान की रजिस्ट्री, दाखिला खारिज, बिजली बिल, हाउस टैक्स, वॉटर टैक्स सब दस्तावेज हैं तो फिर ये अवैध कैसे हुआ?

ये भी पढ़ें:-  UP News: ऑनलाइन हाजरी के विरोध में टीचर्स ने चलाया हस्ताक्षर अभियान, कल सौपेंगे मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

संबंधित समाचार