बहराइच: नदी में वृद्ध समेत तीन डूबे, दो शव बरामद-चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
बहराइच/नवाबगंज,अमृत विचार। जिले के नवाबगंज, नानपारा और खैरीघाट थाना क्षेत्र में वृद्ध समेत तीन लोग नदी में डूब गए। नवाबगंज में राप्ती नदी में डूबे बालक और नानपारा में युवक का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है। दोनों के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि वृद्ध का कोई पता नहीं चल सका है, पुलिस की तरफ से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी भड़काऊ उर्फ गंगाराम का छह वर्षीय पुत्र गंगाराम अपने फुफेरे भाई डिंपल वर्मा (8) के साथ राप्ती नदी से लगे पहाड़ी नाले में नित्य क्रिया के लिए गया था। नित्यक्रिया के दौरान पानी लेते समय गोविंद का पैर फिसलने से वह बीच धारा में चला गया। उसका शव समतलिया चौकी प्रभारी रणजीत यादव की टीम ने फ्लड पीएससी के जवानों के साथ बरामद कर लिया। उप निरीक्षक ने बताया कि घटना से 100 मीटर की दूरी पर शव बरामद हुआ है। बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उधर नानपारा कोतवाली क्षेत्र के चंदनपुर गांव निवासी बहादुर (28) पुत्र भदन रविवार दोपहर में क्षेत्र के नदी पार कर खेत जा रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह पानी में बह गया। परिवार के लोगों की सूचना पर उप जिलाधिकारी संजय कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। गोताखोरों से युवक की तलाश की गई, कुछ देर बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया। नायब तहसीलदार मोतीपुर अंबिका प्रसाद चौधरी ने बताया कि मृतक के आश्रित को आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी। खैरीघाट थाना क्षेत्र के मांझा दरियापुर गांव निवासी सत्यनाम (65) पुत्र राम आधार शनिवार शाम को भैंस चराने के लिए घाघरा नदी के तट पर गए थे। नदी के तट पर वृद्ध का चप्पल, कपड़े और लाठी बरामद हुए हैं, जबकि वृद्ध का पता नहीं चला है। ऐसे में परिवार के लोग नदी में डूबने की आशंका जता रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक एसके सिंह ने बताया कि गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है, लेकिन उसका अभी तक पता नहीं चल सका है।
.jpg)
पूर्व प्रधान की घाघरा में डूबने की आशंका
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सहबापुर पचलखी निवासी 85 वर्षीय वृद्ध किसान पूर्व प्रधान चंदा सिंह पुत्र हरिप्रसाद सिंह घर से यह कह कर पैदल निकले कि वह खेत जा रहे हैं। जब वह ऐनी टोल प्लाजा पहुंचा तो उसने अपना इरादा बदल लिया और बहराइच से आती एक हाफ डाला पर यह कह कर बैठा कि उसे जरवल रोड जाना है। वहीं रास्ते में पुलिस चालान के डर से गाड़ी वाले ने ओवरब्रिज की ओर गाड़ी मोड़ कर उस वृद्ध किसान को घाघरा पुल पर उतार दिया। वृद्ध किसान के पारिवारिक सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने बताया की वृद्ध किसान चंदा सिंह का पेट कई दिन से खराब था शायद वो शौच करने घाघरा की तरफ चले गए पानी अधिक होने से उनका पैर फिसल गया, जिससे उनकी डूब कर मौत हो गई। पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटी है।
अफवाह से हलकान रही पुलिस
फखरपुर थाने की पुलिस को शनिवार शाम को अज्ञात युवक के नदी में डूबने की सूचना मिली। जिस पर प्रभारी निरीक्षा का अभिनव प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन घटना झूठी निकली। इस पर उन्होंने फोन करने वाले व्यक्ति से संपर्क साधने का प्रयास किया तो उसका नंबर बंद बताता रहा। प्रभारी निरीक्षक ने लोगों से कहा कि इस तरह झूठ न फैलाएं, कार्रवाई की जा सकती है।
ये भी पढ़ें -अधिकारी बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराएं सुविधाएं, अंबेडकरनगर DM ने दिए निर्देश
