अधिकारी बाढ़ प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराएं सुविधाएं, अंबेडकरनगर DM ने दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने माझा कम्हारिया और आराजी देवारा का किया निरीक्षण, जिम्मेदार अधिकारियों को दिए निर्देश
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने तहसील आलापुर अंतर्गत बाढ़ प्रभावित ग्राम माझा कम्हारिया और आराजी देवारा का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी आलापुर तथा तहसीलदार आलापुर के साथ माझा काम्हारिया में मोटर बोट से घाघरा नदी में बाढ़ से हो रहे कटान का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी आलापुर, तहसीलदार आलापुर, खण्ड विकास अधिकारी जहांगीरगंज और अन्य अधिकारियों के साथ गांव का भी भ्रमण कर बाढ़ क्षेत्र का जायजा लिया।
बता दें कि गांव की आबादी अभी किसी भी तरफ से बाढ़ से प्रभावित नहीं है। बाढ़ चौकी और राहत शिविर विश्वनाथ उच्च प्रथमिक विद्यालय बरोहीपुरा पांडेय तहसील आलापुर में जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी ने 50 गरीब परिवारों को राहत सामग्री किट और बच्चों को चॉकलेट व बिस्किट का वितरण किया। अपर जिलाधिकारी की तरफ से बाढ़ चौकी पर मेडिकल कैंप लगाया गया, जिसके माध्यम से अब तक 146 लोगों को चिकित्सीय सुविधाओं का लाभ दिया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण करते रहें। जिससे बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बारिश के मौसम को देखते हुए लोगों को समय-समय पर उपयोगी दवाइयों का वितरण करते रहें। उन्होंने कहा कि यदि बाढ़ से किसी भी प्रकार की कोई समस्या आती है तो बाढ़ कंट्रोल रूम तहसील, ब्लॉक और जनपद मुख्यालय पर सूचित करें।
.jpg)
कटान को रोकने के लिए एस्टीमेट करें तैयार
जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी और डीपीआरओ को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सफाई कर्मी लगाकर साफ-सफाई कराते रहे। जिससे गांव में बीमारी न फैले। उन्होंने उपस्थित बाढ़ खण्ड के अधिकारी को निर्देशित किया कि बाढ़ कटान को रोकने के लिए एस्टीमेट तैयार किया जाए। पशुपालन विभाग द्वारा बताया गया कि 150 कुंतल भूसे का प्रबंध कर दिया गया है। पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि गांव का भ्रमण करते रहें। जिससे पशुओं को किसी प्रकार की बीमारी के लिए समय से इलाज हो सके।
बाढ़ से कटी हुई रोड को कराया ठीक
बाढ़ को देखते हुए उप जिलाधिकारी आलापुर द्वारा बाढ़ चौकी पर किचन का पूरा सामान, आटा, दाल, चावल और अन्य खाद्य सामग्री का प्रबंध कर दिया गया है। जिससे बाढ़ आने पर तत्काल भोजन लोगों को उपलब्ध कराया जा सके। आराजी देवारा में कटे रोड को उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और खण्ड विकास अधिकारी की टीम द्वारा उसे तत्काल सही करवा दिया गया। इस दौरान मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजकुमार, अपर जिलाधिकारी डॉ सदानंद गुप्ता, उप जिलाधिकारी आलापुर, तहसीलदार आलापुर, खण्ड विकास अधिकारी और अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -बहराइच: ट्रांसफार्मर के पास बॉक्स में मिला युवक का शव, दो दिन पहले घर से हुआ था लापता
