बरेली: मेहंदी के जुलूस में अजादारों ने किया मातम, हजरत-ए-कासिम की शहादत को याद कर नम हुईं आंखें
बरेली, अमृत विचार। मोहर्रम के महीने में शिया समुदाय में अजादारी का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार को 7वें मोहर्रम के दिन इमाम हुसैन के भतीजे कासिम की शहादत की याद करते हुए मेहंदी का जुलूस निकाला गया। अंजुमन ऑल इंडिया गुलदस्ता-ए-हैदरी के मीडिया प्रभारी शानू काजमी ने बताया 7 मोहर्रम को मोहल्ला गढ़ैया इमामबाड़ा गुलाम मुहम्मद आब्दी से जुलूस निकाला गया। जुलूस में अंजुमन गुलस्ता-ए-हैदरी ने नौहख्वानी की, जिसकी मजलिस को इमाम-ए-जुमा मौलाना शम्सुल हसन खां ने खिताब किया।
उसके बाद जुलूस अपने परंपरागत रास्तों फूलवालान कंघी टोला, कोठी नवाब नब्बू साहब होता हुआ इमामबाड़ा फतेह अली शाह काला इमामबाड़ा पर जाकर समाप्त हुआ। अंजुमन शमशीर-ए-हैदरी ने दीवानखाना छीपीटोला से जुलूस निकाला, जो इमामबाड़ा फतेह अली शाह काला इमामबाड़ा में समाप्त हुआ।
अंजुमन ऑल इंडिया गुलदस्ता-ए-हैदरी ने इमामबाड़ा महमूद हसन नकवी इंग्लिश गंज किला से परंपरागत जुलूस निकाला, जो इमामबाड़ा फतेह अली शाह काला इमामबाड़ा में समाप्त हुआ। मौलाना महबूब अली रिजवी हल्लौर ने हजरत-ए-कासिम की शहादत को याद किया, जिसे सुनकर अजादारों की आंखें नम हो गईं। महिलाओं ने भी हजरत कासिम की याद में नौहाख्वानी की और मेंहदी के नौहे पढ़े।
शानू काजमी ने बताया कि सोमवार को दिन में 11 बजे से 8 मोहर्रम को ऐतिहासिक जरीदों का जुलूस इमामबाड़ा फतेह अली शाह काला इमामबाड़ा से निकाला जाएगा। मलूकपुर पुलिस चौकी स्थित इमामबाड़ा खुर्शीद खां फतेहनिशान पर सुबह से ही अकीदतमंदों की भीड़ रही। मुतव्वली जाफर खान ने बताया कि फतेहनिशान 10 मोहर्रम को बाकरगंज स्थित ईदगाह कर्बला अपने कदीमी रास्तों से होते हुए जाएंगे।
चुम्मन बी के इमामबाड़े पर सलामी कर निकाला जुलूस-ए-हुसैनी
सुभाषनगर के पुरवा बब्बन खां से रविवार को जुलूसे हुसैनी निकाला गया। चुम्मन बी के इमामबाड़े पर सलामी पेश करने के बाद परंपरागत रास्तों से होता हुआ जुलूस बरेली जंक्शन स्थित मुस्तफा नगर पहुंचा। नायब सदर आमिर खान ने बताया कि इमामबाड़े के मुतव्वली आसिफ खान की सदारत में पांच मोहर्रम को सजाया गया। चुम्मन बी के पुश्तैनी इमामबाड़े में अकीदतमंदों ने मन्नतों के अलम पेश किए। पुरवा बब्बन खां में 165 साल के पुश्तेनी इमामबाड़े में बड़ी तादाद में अकीदतमंदों ने जिक्रे हुसैन की महफिल सजाई और शहीदाने कर्बला को याद किया।

जुलूस में खासतौर से वामिख खान, कामिल खान, अब्बास बेग, आदिल बेग, निहाल खान, नसीम खान, शरिफ, सैफ उल्लाह खान आदि मौजूद रहे। इसके अलावा हामिदी दरबार के मुतव्वली सैयद हामिद अली बब्बू मियां ने बताया कि किला के मोहल्ला छोटी बमनपुरी तंबाकू वाली मस्जिद स्थित इमामबाड़ा पर परंपरा के मुताबिक सैयद सादिक अली के तख्त अलम को 7 मोहर्रम को सजाया गया।
