गोंडा: विधायक के प्रयास से मिली सफलता, बाबागंज के रेतवागाड़ा गांव में बनेगा नया विद्युत उपकेंद्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मेहनौन विधायक के प्रयास से मिली स्वीकृति, अधिकारियों ने देखी जमीन

गोंडा, अमृत विचार। जनपद के धानेपुर थाना क्षेत्र के बाबागंज कस्बे में बिजली विभाग नए पावर हाउस का निर्माण करायेगा। मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी के प्रयास से यहां पावर हाउस निर्माण को स्वीकृति मिल गयी है। सोमवार को बिजली विभाग के अधिकारियों ने पावर हाउस निर्माण के लिए रेतवागाड़ा गांव में तय की गयी जमीन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद एसडीओ ने कहा कि जल्द ही इस पर काम शुरू होगा। 

धानेपुर उपकेंद्र पर बाबागंज नाम से फीडर बना हुआ है‌‌। इसी फीडर बाबागंज समेत आसपास के सैकड़ों गांवों को धानेपुर विद्युत उपकेंद्र से बिजली मिल रही है‌। करीब 70 साल पहले बनाई गयी इस फीडर की लाइन बेहद जर्जर है और आए दिन लाइन में फॉल्ट की शिकायत मिलती रहती है‌। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में इस जर्जर लाइन की मरम्मत करायी गयी है लेकिन यह मरम्मत आपूर्ति सुधार में नाकाफी साबित हो रही है‌। ऐसे में यहां के लोग बाबागंज कस्बे में नया पावर हाउस बनाए जाने की मांग कर रहे थे। 

मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी ने इसका प्रस्ताव तैयार कराकर शासन को भेजा था। अब इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गयी है‌। इस स्वीकृति के बाद बाबागंज में नया पावर हाउस बनने का रास्ता साफ हो गया है‌। पावर हा इस निर्माण के लिए रेतवागाड़ा गांव में जमीन भी उपलब्ध हो गयी है‌। सोमवार को बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी पियूष सिंह व अवर अभियंता अभिषेक ने रेतवागाड़ा पहुंचकर तय की गयी जमीन का सर्वे किया। एसडीओ पियूष सिंह ने कहा कि पावर हाउस निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध हो गयी है‌। बजट का आवंटन होते ही निर्माण प्रारंभ हो जायेगा। 

नया पावर हाउस बनने से बेहतर होगी इलाके की बिजली व्यवस्था

अब तक बाबागंज को धानेपुर उपकेंद्र से बिजली मिल रही है‌। इस उपकेंद्र से बाबागंज कस्बे की दूरी करीब 7 किमी है‌। जबकि इस लाइन की बात करें तो यह करीब 15 से 20 किमी के दूरी तक दौड़ाई गयी है‌। लंबी दूरी की लाइन होने के कारण अक्सर इसके तार टूटकर गिरते रहते हैं और लाइन ब्रेक डाउन में रहती है। लेकिन अब इस पावर हाउस के बन जाने से यहां के सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति में सुधार होगा और उन्हे निर्बाध बिजली मिल सकेगी।

बाबागंज कस्बे में नए पावर हाउस की आवश्यकता थी। इसके लिए शासन को प्रस्ताव तैयार कर भेजा था। अब इसके निर्माण की स्वीकृति मिल गयी है‌। जमीन भी रेतवागाड़ा गांव में देख ली गयी है‌। जल्द ही काम शुरू होगा। इस उपकेंद्र के बन जाने से पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार होगा.., विनय कुमार द्विवेदी, विधायक- मेहनौन।

 

संबंधित समाचार