अयोध्या: आनलाइन हाजिरी के विरोध में शिक्षकों ने निकाला पैदल मार्च, सौंपा ज्ञापन
अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने महानिदेशक बेसिक शिक्षा द्वारा शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी के लिए दिए गए आदेश से असहमति जताते हुए सोमवार को तिकोनिया पार्क से भारी हुजूम के साथ पैदल मार्च करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर बीएसए संतोष कुमार राय को ज्ञापन सौंपा।
शिक्षण कार्य करने के बाद शिक्षक सदर तहसील स्थित तिकोनिया पार्क पर जिलाध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी के नेतृत्व में एकत्रित हुए और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए बीएसए कार्यालय की तरफ कूच कर दिया। जिलाध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश भर का शिक्षक महानिदेशक के तुगलकी फरमान से आंदोलित है। उन्होंने कहा कि हमारे संगठन व शासन के बीच शिक्षकों की वर्षो से लंबित मांगो पर वार्ता चल रही थी लेकिन बिना उसको निस्तारित किये ऑनलाइन हाजिरी का फरमान जारी किया गया जो अव्यवहारिक है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए राज्य कर्मचारियों की भांति 31 उपार्जित अवकाश, 12 द्वितीय शनिवार अवकाश, प्रतिकर एवं अध्ययन अवकाश, निःशुल्क चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने, पुरानी पेंशन दिए जाने की मांग की थी लेकिन सरकार ने इन मांगों को अभी तक नही माना है।
जिला मंत्री चक्रवर्ती सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा के सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर आवास व सरकारी वाहन दिए गए है। सरकार को पहले ऑनलाइन फेस रिकग्निशन से उनकी व उनके कार्यालय के कर्मचारियों की उपस्थिति लेनी चाहिए।
जिला कोषाध्यक्ष बीरेंद्र भारती ने कहा कि सरकार व महानिदेशक ने आदेश तो जारी कर दिया लेकिन उसकी व्यवहारिक समस्याओं पर कोई नियमावली नही बनाई। वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय सिंह, जिला प्रवक्ता रामकृष्ण गुप्ता ने बताया कि संगठन ने शिक्षकों की मांग पर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। इसके अलावा संयुक्त शिक्षक मोर्चा की ओर से भी कलेक्ट्रेट तक मार्च करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा गया।
ये भी पढ़ें -सोहावल संकुल के 54 शिक्षकों ने दिया पद से सामूहिक इस्तीफा
