बरेली: चपरासी से लेखपाल बनते ही शादी से मुकरा दूल्हा...बारात का इंतजार करती रही दुल्हन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/भमोरा, अमृत विचार। चपरासी से लेखपाल बनते ही युवक शादी करने से मुकर गया। इसके बाद लड़की पक्ष ने एसएसपी से इसकी शिकायत की तो दोनों पक्षों में मंदिर में शादी करने के लिए समझौता हो गया। सोमवार को लड़की वाले तय स्थान पर विवाह की तैयारी करके पहुंचे तो लड़का पक्ष बारात लेकर नहीं पहुंचा।

काफी देर इंतजार करने के बाद पता किया गया तो मालूम हो कि लड़का पक्ष घर पर ताला लगाकर गायब हो गया है। इसके बाद परिजन बेटी को लेकर थाने पहुंचे और लड़के के साथ ही उसके घर वालों की शिकायत दर्ज कराई। 

भमोरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी शख्स ने बेटी की शादी मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक तय की थी। शादी जिस समय तय की थी उस समय वह कोर्ट में चपरासी था। जिसके बाद उसका चयन लेखपाल के पद पर हो गया। इसके बाद वह शादी से मुकर गया, जिसकी शिकायत एसएसपी बरेली से की गई।

जिसके बाद लड़की पक्ष थाने भमोरा पहुंचा और तय हुआ की 15 जुलाई 2024 को दोनों की शादी बरेली के एक मंदिर में होगी। जिसमें लड़की वाले लड़का पक्ष को 25 लाख रुपये उपहार स्वरूप देंगे। इसके बाद लड़की पक्ष में विवाह को लेकर तैयारी में जुट गए और कार्ड भी छपकर बंट गए। सोमवार को जब लड़की पक्ष पूरी तैयारी के साथ बरेली स्थित मंदिर पहुंचा तो पता चला लड़के ने अपना फोन स्विच ऑफ कर दिया है और परिजन घर पर ताला लगाकर भाग गए है। जिसके बाद लड़की पक्ष ने भमोरा थाने पहुंच कर शिकायत दी है।

संबंधित समाचार