अमरोहा : बरात चढ़त के दौरान बराती व ग्रामीण भिड़े, दूल्हा बाइक पर बैठकर फरार
हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में खाने के दौरान पत्तल गिरने के विवाद में बरात चढ़त के दौरान बरातियों और ग्रामीणों में मारपीट हो गई। इसमें एक बराती घायल हो गया। इस बीच दूल्हा दोस्त की बाइक पर बैठकर फरार हो गया।
गांव कालका वाली डगरौली में सोमवार दोपहर गजरौला थाना क्षेत्र के गांव से बरात आई थी। खाने के दौरान पत्तल गिरने पर दुल्हन के एक रिश्तेदार की बुजुर्ग बराती से कहासुनी हो गई। लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराकर बरात चढ़त शुरू कराई। इस बीच डीजे पर डांस को लेकर गांव के युवकों ने बरात में शामिल खुंगावली निवासी विकास की पिटाई कर दी। बचाने आए अन्य कई युवकों को भी मारा पीटा।
दूल्हे ने नाराजगी जताई तो युवकों ने बग्गी पर चढ़कर उसकी भी पिटाई कर दी। दूल्हा बग्गी से कूदकर अपने एक साथी की बाइक पर बैठकर भाग निकला। मारपीट के बाद अधिकांश बराती भी अपने वाहनों से लौट गए। हालांकि, दूल्हे का पिता व उसके करीबी रिश्तेदार गांव के प्रधान के यहां पहुंच गए। सूचना के बाद उपनिरीक्षक प्रवेंद्र कुमार के नेतृत्व में तीन वाहनों से पुलिस मौके पर पहुंची। उधर, दूल्हा व दुल्हन पक्ष के बीच पंचायत शुरू हो गई। फोन पर बात कर दूल्हे को बुलाने की कोशिश की। देर शाम तक कोशिश जारी रही।
बताया जा रहा है कि दूल्हे का पिता शादी को लेकर राजी है। वह लगातार बेटे के संपर्क में है। उसे समझाकर फेरे करवाने की कोशिश की जा रही है। उधर, घायल बराती विकास ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप सिंह ने बताया कि बरात में मारपीट की सूचना पर पुलिस को मौके पर भेजा गया। मामले की जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : अमरोहा: बेकाबू कैंटर ने आठ लोगों को रौंदा, युवती की मौत, सात घायल
