Lucknow nagar nigam: 150 साल बाद राजधानी को मिलेगा नया नगर निगम मुख्यालय, मंत्री एके शर्मा ने किया भूमि पूजन
.jpg)
लखनऊ, अमृत विचार। 150 साल बाद राजधानी लखनऊ की जनता को नया नगर निगम मुख्यालय मिलने वाला है। मंगलवार को नगर निगम लखनऊ के नए मुख्यालय का गोमतीनगर स्थित आरआर विभाग में भूमिपूजन हुआ। यूपी के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने भूमि पूजन करते हुए नींव की पहली ईंट रखी। इस मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह समेत कई अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।
नगर निगम लखनऊ के नए मुख्यालय की बिल्डिंग लोकभवन की तर्ज पर बनाई जाएगी। 2 लाख स्क्वायर फीट में बनने वाले इस मुख्यालय में मॉडर्न तकनीक के साथ अधिकारियों, पार्षदों और आम जनमानस से जुड़ी कई अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा इस नए मुख्यालय में विधानसभा की तर्ज पर हॉउस बनाया जायेगा, जिसमें विधानसभा की तरह नगर निगम की कार्यवाही होगी।
बता दें कि 200 करोड़ की लागत से बन रहा ये नया नगर निगम मुख्यालय करीब 18 महीनों में बनकर तैयार हो जायेगा। इस भव्य बिल्डिंग में कुल 6 फ्लोर होंगे और 400 गाड़ियों की पार्किंग व्यवस्था होगी। दरअसल, 150 साल पुराने नगर निगम लखनऊ मुख्यालय की लालबाग स्थित बिल्डिंग जर्जर हो चुकी है, साथ ही लखनऊ में बढ़ते विकास और क्षेत्र विस्तार की वजह से नगर निगम मुख्यालय पर अधिकारियों, कार्मिकों, जन प्रतिनिधियों और आम जनमानस के लिए उचित सुविधा और व्यवस्थाएं नहीं मिल पा रही थी। साथ ही पार्किंग को लेकर भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब जबकि राजधानी से सटे इलाकों में भी नगर निगम की सीमा का विस्तार हो गया है, ऐसे में ये नया भवन काफी उपयोगी साबित होगा।
ये भी पढ़ें:-अयोध्या: शिक्षक संकुलों ने सामूहिक त्यागपत्र देकर ऑनलाइन अटेंडेंस पर जताया विरोध