Chitrakoot News: यमुना नदी के तेज बहाव में गुम हो गईं ननद और भाभी...शादी की रस्म के लिए रिश्तेदारों के साथ गई थीं मऊ घाट
एसडीआरएफ की टीम लगा रही पता, फिलहाल नाकाम
चित्रकूट, मऊ, अमृत विचार। यमुना नदी में निर्माणाधीन मऊ-महिला पुल के नीचे नहा रहीं ननद-भाभी की डूबने से मौत हो गई। दोनों घर में हुई शादी के बाद बुधवार सुबह मायन सिराने (विसर्जन) की रस्म के लिए अन्य रिश्तेदारों के साथ मऊ घाट आई थीं। समाचार भेजे जाने तक राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम दोनों युवतियों का पता लगाने में जुटी थी।
कर्वी कोतवाली के गांव रगौली के रहने वाले कवलेश परिवार के साथ मऊ के अंबेडकरनगर निवासी बहनोई शिवमंगल के यहां लड़के की शादी में आए थे। मंगलवार को बारात लौटी थी। घर में हंसी खुशी का माहौल था। बुधवार की सुबह मायन सिराने की रस्म के लिए परिवार की महिलाएं और कुछ पुरुष यमुना घाट गए थे।
परिजनों के अनुसार, कवलेश की बहू पुष्पा (22) पत्नी रामभरोष ननद किरण (16) और चचेरे देवर रामचरण (24) पुत्र दिनेश के साथ नदी में हंसी-ठिठोली कर रही थी। लगातार बारिश से यमुना नदी का पानी भी उफान था। इससे अनजान तीनों लोग अचानक गहराई में चले गए और डूबने लगे। यह देखकर अन्य रिश्तेदार चिल्लाए पर तब तक पुष्पा और किरण तेज बहाव में गुम हो गईं।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार राय, कस्बा इंचार्ज इंद्रजीत गौतम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उप जिलाधिकारी राकेश कुमार पाठक और अन्य अधिकारी भी पहुंच गए। एसडीआरएफ की टीम, गोताखोरों के साथ दोनों का पता लगाने में जुटी थी।
ये भी पढ़ें- कानपुर में मोहर्रम के जुलूस निकालने के दौरान कई जगह बवाल: जमकर चले लाठी-डंडे, आपत्तिजनक नारे भी लगाए गए
