शाहजहांपुर: चेयरमैन और ईओ से खफा सभासदों ने बैठक का किया बहिष्कार, नगर पंचायत कार्यालय गेट पर नारेबाजी कर किया प्रदर्शन
-बिना काम के धन आहरण करने का लगाया आरोप
कलान, अमृत विचार: नगर पंचायत की बैठक का सभासदों ने बहिष्कार करते हुए अधिशासी अधिकारी व चेयरमैन के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यालय गेट पर काफी देर तक हंगामा होता रहा। सभासदों का आरोप है कि बिना काम के शासकीय धनराशि का आहरण कर कागजों पर काम दिखाए जा रहे हैं।
गुरुवार को नगर पंचायत की बैठक बुलाई गई थी, बैठक के निर्धारित समय पर सभासद नगर पंचायत कार्यालय पर पहुंचे लेकिन बैठक का बहिष्कार करने लगे। सभी सभासद अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ बगावत करते हुए कार्यालय गेट पर आ गए और जमकर नारेबाजी करने लगे। सभासदों ने ईओ हाय हाय , भ्रष्टाचारी के नारे लगाने शुरू कर दिए। सभासदों के उग्र रूप देखकर ईओ व चेयरमैन के हाथ पाव फूल गए। सभासदों को मनाने की कोशिश की गई लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हुए।
सभासदों का आरोप है कि नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी चेयरमैन की मिली भगत से सरकारी धनराशि का आहरण कर दुरुपयोग कर रहे हैं। यह अभी आरोप है कि बीते आठ महीने से कोई भी नगर पंचायत की मीटिंग नहीं बुलाई गई। इसके अलावा अन्य गंभीर आरोपों को लगाते हुए सभासद कार्यालय गेट पर काफी देर तक नारेबाजी कर हंगामा करते रहे।
सभासदों का हंगामा देखकर कस्बे के अन्य लोगों की भी भीड़ लग गई। इसकी सूचना सभासदों ने उप जिला अधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को दी लेकिन कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सका। बाद सभासद खुद शांत होकर चले गए। इस मौके पर सभासद दीपक नंदवंशी,राधा, जूली देवी, धर्मेंद्र राठौर, नाजिश , बबलू गुप्ता दिलीप गुप्ता मीरा देवी कमलेश कुमारी संदीप गुर्जर मीरा आदि सभासद थे।
यह है आरोप
बोर्ड की बैठक आठ महीने के बाद आहूत की जा रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी की मिली भगत से बिना टेंडर के अपने खास लोगों के फॉर्मो को कार्य दिए जा रहे हैं। ईओ व अध्यक्ष द्वारा सभासदों को किसी भी कार्यों की जानकारी नहीं दी जाती है। पिछले टेंडरो की समय सीमा निकालने के बाद भी कार्य पूर्ण नहीं किए गए हैं। इसकी शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई फार्मो के खिलाफ नहीं की गई।
गारंटी समय सीमा के अंदर खराब हुई लाइटें, रिवोर हैंडपंप, टूटी सड़कों समेत अन्य कार्यों को ठेकेदारों के द्वारा न करवाकर नगर पंचायत के कर्मचारियों से कराया जा रहा है। नगर पंचायत में खरीदे गए वाहनों व मशीनों की बोर्ड से सहमति नहीं ली गई। गौशाला के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है और फर्जी तरीके से सरकारी धन निकाल कर दुरुपयोग किया जा रहा है।
सभासदों ने बैठक का बहिष्कार किया है, जो आरोप लगाए जा रहे वह गलत है। गर्मी की वजह से श्रमिक नहीं मिल पा रहे थे, इसलिए काम में देरी हुई लेकिन अब काम तेजी से कराए जा रहे हैं-रामकृष्ण वर्मा, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत, कलान
बहिष्कार कर सभासद दबाव बनाना चाह रहे हैं। मैं ईमानदारी से काम कराकर कस्बे की समस्याओं का निराकरण करा रहा हूं। लोग अनावश्यक तरह साजिश कर रहे हैं। सभी आरोप निराधार हैं-हरिनारायण गुप्ता, चेयरमैन, कलान
