कासगंज: लहरा घाट पर नहीं लगाए CCTV कैमरे...न ही साउंड व्यवस्था, डीएम ने जताई नाराजगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज, अमृत विचार। शुक्रवार को डीएम, एसपी ने कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं के दृष्टिगत सोरों के लहरा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान घाट पर सीसीटीवी कैमरे और साउंड व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। साथ ही पालिका को 24 घंटे में व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।

जिले में सावन मास कांवड़ मेला 22 जुलाई से शुरू हो रहा है। मेले में आने वाले शिवभक्त कावंड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी और असुविधा न हो, उनकी सुरक्षा और सुविधा के दृष्टिगत शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। जिले के तीर्थ नगरी स्थित लहरा गंगाघाट पर कांवड़ में जल लेने के लिए शिवभक्तों की भीड़ उमड़ती है। यह मेला एक माह तक चलता है।

शुक्रवार को जिलाधिकारी मेधा रुपम और एसपी अपर्णा रजत कौशिक व्यवस्थाओं को देखने के लिए लहरा गंगा घाट पर पहुंचीं। घाट पर सीसीटीवी कैमरे और साउंड की व्यवस्था दिखाई न देने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने पालिका प्रशासन को निर्देशित किया कि 24 घंटे के अंदर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर लें।

उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को व्यवस्थाओं में कमी न रहने के निर्देश दिए। सोरों से लेकर लहरा घाट तक प्रतिदिन मार्ग की विशेष सफाई और चूना का छिड़काव करने के निर्देश भी पालिका को दिए हैं।

ये भी पढ़ें- कासगंज: कांवड़ यात्रा के रास्ते पर अगर है आपकी दुकान...तो चस्पा करना होगा अपना नाम

संबंधित समाचार