संभल: पुलिस टीम पर हमला, उपनिरीक्षक समेत पांच घायल...जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुकदमे में बयान दर्ज करने गई थी पुलिस टीम, ग्रामीणों ने लाठी डंडों व धारदार हथियारों से किया हमला

संभल/जुनावई, अमृत विचार। जुनावई थाना क्षेत्र में एक मुकदमे की जांच को आगे बढ़ाने के लिए बयान दर्ज करने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया। आरोप है कि महिलाओं और पुरुषों ने गाली गलौज करते हुए लाठी डंडों से हमला किया। जिसमें उपनिरीक्षक समेत पांच पुलिस कर्मी घायल हो गए। पुलिस टीम ने किसी तरह भागकर जान बचाई। मामले में उपनिरीक्षक ने पांच पुरुषों और आठ महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर लिया।

थाना क्षेत्र के गांव लौहारपुरा निवासी रामवीरेश और रामखिलाड़ी के बीच करीब 20 साल से जमीन को लेकर रंजिश चली आ रही है। जिसके चलते कई बार विवाद हो चुका है। 30 जून को भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, तब दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। गुरुवार को देरशाम उपनिरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मुकदमे की जांच एवं बयान दर्ज करने के लिए रामखिलाड़ी के यहां पहुंची। 

आरोप है कि पुरुषों और महिलाओं ने पुलिस टीम को रोकते हुए गाली गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, लाठी डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। कांस्टेबिल दिनेश कुमार का मोबाइल छीनकर जमीन दे मारा तो उसकी डिस्प्ले टूट गई। पुलिस टीम ने किसी तरह भागकर जान बचाई और थाने आकर सूचना दी।

हमले में उपनिरीक्षक सुनील कुमार के अलावा हेड कांस्टेबल नईम अहमद, कांस्टेबल सोनू कुमार, दिनेश कुमार, महिला कांस्टेबल नीलू घायल हुए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पुलिस कर्मियों का मेडिकल कराया गया। इस मामले में उपनिरीक्षक सुनील कुमार की तहरीर पर रामखिलाड़ी, बंटी, मुनेश, महावीर, प्रेमवती, उर्मिला, रोशनी, धनवती, रचना, रानी, रेनू, कांति और संजय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने उर्मिला को गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही हैं।

ये भी पढ़ें- संभल: विद्यालय में डीआईओएस के लिए भी नहीं खोला गया गेट, जानें मामला

संबंधित समाचार