हल्द्वानी: टेंट व्यापारियों का माल समेट कर फरार हुआ मेडिकल कॉलेज का माली
हल्द्वानी, अमृत विचार। मेडिकल कॉलेज में माली का काम करने वाला एक शातिर शहर के कई टेंट व्यापारियों को ठग कर फरार हो गया। उसने आयोजनों के नाम पर करीब आधा दर्जन टेंट व्यापारियों से टेंट का सामान लिया और गायब हो गया। टेंट व्यापारियों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी है।
महानगर टेंट व्यापारी एसोसिएशन हल्द्वानी के अध्यक्ष हर्षवर्धन पांडे रविवार को पीड़ित व्यापारियों के साथ तहरीर लेकर कोतवाली पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति पिछले एक माह से अलग-अलग टेंट की दुकानों से माल उठाता रहा। चूंकि वह पहले टेंट हाउस में काम कर चुका था तो अधिकांश टेंट वालों को जानता था। वह कभी शादी तो कभी अन्य आयोजन के नाम पर पहचान का फायदा उठाते हुए बिना भुगतान के माल ले जाता रहा।
उसने बताया था कि टेंट हाउस से काम छोड़ने के बाद अब वह मेडिकल कॉलेज में माली का काम कर रहा है। करीब आधा दर्जन व्यापारियों से उठाया माल जब वह वापस करने नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू हुई। व्यापारी उसके बताए पते पर पहुंचे तो पता गलत मिला। उसे फोन किया गया तो फोन बंद मिला। कोतवाल उमेश कुमार मलिक ने बताया कि टेंट व्यापारियों की तहरीर मिली है। जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
