बलरामपुर: इलाज के दौरान युवक की मौत, भाई ने लगाया हत्या का आरोप
बलरामपुर, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितयों में 18 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गयी। मृतक के भाई ने हत्या का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी सोनू चौहान ने बताया कि बीते 17 जुलाई को शाम करीब 7 बजे मेरे भाई गुड्डू चौहान को गांव का ही एक युवक अपने साथ बुलाकर ले गया था, करीब एक घंटे बाद सूचना मिली कि गुड्डू चौहान ललिया-महराजगंज तराई मार्ग स्थित मुसहवा पुल के किनारे बेहोशी हालत में पड़ा है। उसके पूरे शरीर में चोट के निशान है ऐसे में आशंका है कि मेरे भाई की हत्या कर दी गयी है।
बताया जा रहा है कि पुलिस की मदद से घायल को सीएचसी शिवपुरा पहुंचाया गया, लेकिन मरीज की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाद में वहां से भी मरीज को बहराइच मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया था, लेकिन बहराइच मेडिकल कॉलेज से भी मरीज को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
परिजन मरीज को लेकर लखनऊ पहुंचे, जहां एक अस्पताल में मरीज की हालत को देख चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया और इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान 21 जुलाई की सुबह गुड्डू की मौत हो गयी। शव को ललिया थाने पर लाकर परिजनों की तरफ से तहरीर दी गयी है। प्रभारी निरीक्षक अब्दुल कादिर ने बताया कि मृतक के पिता कैलाश चौहान के सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेजा जा रहा है पीएम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: इस साल जनवरी से जून के बीच 1267 किसानों ने की आत्महत्या, अमरावती मंडल में सबसे ज्यादा मौतें
