गोंडा: मृतक कार्यकर्ता के घर पहुंचा सपा का प्रतिनिधिमंडल, पीड़ित परिजनों को सौंपा 5 लाख रुपए का चेक
गोंडा, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को परसपुर के राजा टोला के रहने वाले मृतक सपा कार्यकर्ता ओम प्रकाश सिंह के घर पहुंचा और इस घटना पर दुख जताया। प्रतिनिधिमंडल ने परिवार को पार्टी की तरफ से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और इस न्याय की लड़ाई में उनकी हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधि मंडल के सदस्य दो दिन के भीतर इस घटना की रिपोर्ट अखिलेश यादव को सौंपेंगे।
परसपुर के राजा टोला के रहने वाले सपा कार्यकर्ता ओमप्रकाश सिंह की चुनावी रंजिश में बीते शुक्रवार को दिनदहाड़े उनके घर में घुसकर निर्मम हत्या कर दी गयी थी। मामले में भाजपा सभासद उदयभान सिंह उर्फ लल्लन सिंह व उनके तीन बेटों समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है लेकिन मुख्य आरोपी अभी पकड़ से दूर है। आरोप है कि पुलिस सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रही है।
.jpg)
मंगलवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल परसपुर पहुंचा और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हे धीरज बंधाया। प्रतिनिधिमंडल में सपा के पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे, जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन, भगतराम मिश्रा, सूरज सिंह व पूर्व एमएलसी महफूज खां शामिल रहे। प्रतिनिधि मंडल ने पार्टी प्रमुख की तरफ से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक परिजनों को सौंपा और उन्हे हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दो दिन के भीतर पार्टी मुखिया को सौंपी जायेगी।
बेटी बोली- घटना की हो सीबीआई जांच
सपा प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात के बाद मृतक ओमप्रकाश की बेटी ने लोकल पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए घटना की जांच सीबीआई से कराए जाने की मांग की। आरोप लगाया कि पुलिस दबाव में काम कर रही है, मुख्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तत्काल गिरफ्तारी कराई जाए। परिजनों ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने के साथ सरकार से आर्थिक सहायता की मांग भी उठाई है।
ये भी पढ़ें -शिक्षकों से वसूली करने वाले तत्कालीन बीईओ सण्डीला निलंबित, तमाम आरोपों का हुआ खुलासा
