रामपुर: बहू को बुलाने आए ससुरालियों से मारपीट, पूरा मामला जानकर रह जाएंगे हैरान
रामपुर, अमृत विचार। भाई मां और अन्य दो लोगों के साथ अपनी बहू को ससुराल से बुलाने आए युवक के ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर दी। झगड़े में युवती का देवर घायल हो गया। मामले की तहरीर थाने में दी गई है।
मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गांव घोंडा निवासी दानिश पुत्र फिदा हुसैन ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका विवाह 27 फरवरी को सैफनी थाना क्षेत्र के छतौनी गांव निवासी वहीद की बेटी नजमुल के साथ हुआ था। 20 दिन पूर्व उसके ससुर गांव के दो लोगों के साथ उसकी पत्नी को बुलाकर मायके ले गए थे। वहीं दो दिन पहले दानिश अपनी पत्नी को बुलाने आया था लेकिन, उसके सास-ससुर ने उसकी पत्नी को उसके साथ नहीं भेजा। परिवार के लोगों को साथ लाने को कहकर वापस भेज दिया।
जिसके बाद दानिश अपनी मां नसीम जहां, भाई नाजिम और गांव के प्रधान प्रेमपाल और ललाटिकर गांव के ग्राम प्रधान मोहम्मद आरिफ सहित गांव के दो अन्य लोगों को अपने साथ लेकर ससुराल आया था। आरोप है कि बातचीत के दौरान उसके ससुर परिवार से अलग किराए के मकान में रहने की शर्त रखने लगे। जिस पर उसके छोटे भाई नाजिम ने इस बात का एतराज किया।
इसी बात पर दानिश के साले आलिम, चचेरे साले आसिफ और गांव के मेहंदी एवं एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर उन पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिसमें दानिश का छोटा भाई नाजिम घायल हो गया। दूसरी ओर युवती के पिता वहीद ने भी उसकी बेटी के पति दानिश सास, नंद और देवर के खिलाफ दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
