Kanpur: पश्चिम जोन में नहीं थम रही लूट की वारदात...महिला का लूटा पर्स, संतुलन बिगड़ने से सात माह के बेटे के साथ सड़क पर गिरी, घायल
नवाबगंज थानाक्षेत्र में हुई वारदात
कानपुर, अमृत विचार। नवाबगंज थानाक्षेत्र में जीटी रोड पर पति के साथ बाइक से जा रही महिला का पर्स झपट्टा मारकर लुटेरों ने लूट लिया। पर्स बचाने के चक्कर में महिला का संतुलन बिगड़ा और वह 7 माह के बच्चे को लेकर सड़क पर गिरी और घायल हो गई। इलाज के बाद पीड़ित ने नवाबगंज पुलिस से शिकायत की लेकिन 5 दिन बाद रिपोर्ट दर्ज हो सकी।
जूही बारादेवी निवासी कुलदीप ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 17 जुलाई को वह पत्नी आरती और सात माह के बच्चे के साथ बाइक से मकड़ीखेड़ा होकर घर लौट रहे थे। रात करीब 11.40 बजे सफेद रंग की अपाचे बाइक से दो बदमाश पीछे से आए और पीछे बैठी पत्नी के हाथ से झपट्टा मारकर पर्स लूट लिया।
संतुलन बिगड़ने से आरती बच्चे संग जमीन पर गिरकर चुटहिल हो गईं। उन्हें नजदीक स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पर्स में 15 सौ रुपये और सोने के टॉप्स थे। इस संबंध में एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक संदिग्ध को उठाया गया है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा। मालूम हो कि 8 जून को भी जीटी रोड पर कल्याणपुर थानाक्षेत्र में लुटेरों ने इसी तरह वारदात को अंजाम दिया था।
