रामपुर में जल्दी आ सकते हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ- आकाश सक्सेना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने जल्दी ही रामपुर आने की बात कही। इसके अलावा रामपुर के विकास कार्यों के बारे में जानकारी ली। भरोसा दिलाया कि रामपुर के विकास कार्य प्राथमिकता के साथ पूरे कराए जाएंगे। इसमें कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। 

गुरुवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बंटवारे के समय पाकिस्तान से आए शरणार्थियों को रामपुर में बसाया गया था। उन्हें रहने और खेती करने के लिए जमीनें भी दी गईं थीं,लेकिन इन किसानों को जमीनों का मालिकाना हक आज तक नहीं मिला है।

प्रमुख तौर पर ग्राम आर्सल पार्सल, नया गांव, नजीबाबाद, पदमपुर, कुंवरपुर, अहमदनगर, नवीगंज पीपली, खुदागंज, हुसैनगंज भूडा, भगवंतनगर, फाजलपुर निकट पुस्वाड़ा, नूरपुर, हजूरपुर, कल्याणपुर, टांडा गोलू, दरावनगर, मिलक मोहम्मद नकी, पीपली आदि गांव शामिल थे। लंबे समय से इन गांवों के किसान जमीनों पर मालिकाना हक मांग रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख जताया है।

वहीं, विधायक ने रामपुर के विकास कार्यों के बारे में जानकारी दी। साथ ही अन्य विकास कार्यों के लिए भी मुख्यमंत्री से चर्चा हुई। शहर विधायक ने बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रामपुर आएंगे और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया है कि रामपुर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

संबंधित समाचार