बरेली: 148 बूथों पर 6 अगस्त को होगा पंचायत उप चुनाव, प्रशासन ने तैयारियां कीं शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिला पंचायत सदस्य, प्रधान और बीडीसी के उपचुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। छह अगस्त को 148 बूथों पर चुनाव होगा। इसको लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने आरओ, एआरओ, संबधित एसडीएम, सीओ, प्रभारी निरीक्षकों, नामित नोडल अधिकारियों के साथ जूम एप के माध्यम से बैठक की।

बैठक में बताया गया कि जिला पंचायत सदस्य नवाबगंज, बिथरी चैनपुर, क्षेत्र पंचायत सदस्य क्यारा तथा प्रधान के लिए गांव अंबरपुर, बनइया, चौखंडी व लीलौर सहसा सहित सात स्थानों पर 6 अगस्त को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चुनाव होना है। यह चुनाव 148 बूथों पर होगा। इसके लिए 780 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

डीएम ने कहा कि मतदान और मतगणना के लिए अगले दो दिन में ड्यूटी लगा दी जाए। ड्यूटी लगाने के दौरान यह ध्यान रखा जाए कि कांवड़ यात्रा में जिनकी ड्यूटी लगी है, उन्हें चुनाव की ड्यूटी से दूर रखा जाए। कहा है कि जिन गांवों में ग्राम प्रधान का चुनाव है, वहां मजिस्ट्रेट पुलिस के साथ भ्रमण कर यह संदेश जरूर दे दें कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में ट्रेनिंग के नोडल परियोजना निदेशक डीआरडीए ने बताया कि 27 जुलाई को मास्टर ट्रेनर्स को व 1 और 4 अगस्त को मतदानकर्मियों को जीआईसी में प्रशिक्षण दिया जाएगा। सीडीओ जगप्रवेश ने कहा कि स्ट्रांग रुम, डिस्पैच, रिसीविंग सेंटर विकास खंड में ही बनाया जाएगा।

ये भी पढ़ें- बरेली: बीमारी से थे अंजान, रक्तदान किया तो हलक में आई जान

संबंधित समाचार