जलालाबाद: साइबर ठगों ने शिक्षिका के खाते से उड़ाए रुपए, मामला दर्ज
जलालाबाद,अमृत विचार। साइबर ठगों की जालसाजी का शिकार हुई शिक्षिका की रिपोर्ट छठे दिन जलालाबाद कोतवाली में दर्ज कर ली गई। हालांकि शिक्षिका मामला दर्ज कराने में साइबर क्राइम थाने की सक्रियता की बात कह रही है। जलालाबाद थानाक्षेत्र के कूराबंडा प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर तैनात मैनपुरी के भोगांव थानाक्षेत्र के …
जलालाबाद,अमृत विचार। साइबर ठगों की जालसाजी का शिकार हुई शिक्षिका की रिपोर्ट छठे दिन जलालाबाद कोतवाली में दर्ज कर ली गई। हालांकि शिक्षिका मामला दर्ज कराने में साइबर क्राइम थाने की सक्रियता की बात कह रही है।
जलालाबाद थानाक्षेत्र के कूराबंडा प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर तैनात मैनपुरी के भोगांव थानाक्षेत्र के गांव रुई निवासिनी शिक्षिका मीना ने बताया कि बीते 22 अक्टूबर की सुबह उसके खाते से 10 हजार रुपये कटने का मैसेज प्राप्त हुआ। मामले की जानकारी करने जब वह बैंक गई तो पता चला कि उसके एकाउंट से पिछले एक सप्ताह में लगभग 1 लाख 80 हजार रुपये की धनराशि इसी तरह निकाल ली गई जिसकी उसे भनक तक नहीं पड़ी। शिकायत करने पर शाखा प्रबंधक ने पुलिस कम्प्लेंट कर एफआईआर कॉपी मंगवाई।
जब वह एफआईआर दर्ज कराने कोतवाली गई तो पुलिस ने टहला दिया। लगभग 5 दिन तक शिक्षिका कोतवाली और बैंक के चक्कर लगाती रही। इसी बीच उसने मामले की शिकायत साइबर क्राइम के नव सृजित थाना बरेली में फोन के माध्यम से कर दी। साइबर क्राइम कोतवाली के पुलिसकर्मियों ने उसे cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करने को कहा।
शिक्षिका ने बताया कि 22 अक्टूबर को ही उसने शिकायत का ऑनलाइन पंजीकरण कर दिया उसके बाद जनसुनवाई पर भी शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम थाने से मामला जलालाबाद कोतवाली हस्तांतरित कर दिया गया जिसके बाद मंगलवार को अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और साइबर क्राइम की धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
