प्रतापगढ़: पेट्रोल समझकर चोरी का डीजल डालने से बंद हुई बाइक, युवकों को ग्रामीणों ने बांधकर पीटा
बाबागंज/प्रतापगढ़, अमृत विचार। पेट्रोल पंप पर चोरी कर भाग रहे दो युवकों की बाइक पेट्रोल की जगह चोरी का डीजल डालने पर बंद हो गई। इसी बीच पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। चोरी कर जाते हुए दोनों की सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी मिली। घटना कबूल करने पर ग्रामीण दोनों की बांधकर पिटाई करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई।
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के लखपेड़ा स्थित पेट्रोल पंप के मैनेजर रानू पाण्डेय, सेल्स मैन राजेन्द्र यादव शनिवार की रात करीब नौ बजे घर चले गए। रात में चोर शटर का ताला तोड़कर अंदर घुसे। 20 हजार रुपये नकद, बैटरी और सैम्पल के लिए रखे डीजल को पेट्रोल समझकर चोरी कर लिया। चोरों ने डीजल अपनी बाइक में डाल लिया। इससे कुछ दूर जाने के बाद बाइक बंद हो गई। काफी प्रयास के बाद भी बाइक नहीं स्टार्ट हुई तो दोनों बाइक खड़ी कर चोरी का सामान छिपाने लगे।
सुबह होने पर सेल्समैन पंप पर पहुंचा तो काउंटर में रखे रुपये, बैटरी नहीं थी, सैम्पल बॉक्स बाहर पड़ा था। सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो दोनों युवक दिखाई पड़े। चोरी की जानकारी होने पर गांव के लोग खोजबीन करने लगे। तभी दोनों युवक बाइक के साथ कुछ दूर बैठे मिल गए। सीसीटीवी फुटेज से चेहरा मिलने पर ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ कर पूछताछ की तो चोरी की बात स्वीकार लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों को एक साथ बांधकर पीटने लगे।
सूचना पर डायल 112 के पुलिसकर्मी पहुंचे और दोनों को थाने ले गए। पेट्रोल पंप के मैनेजर रानू पाण्डेय ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। एसओ संग्रामगढ़ सत्येन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि पकड़े गए युवक।अलीपुर मानिकपुर के आफताब और शमीम हैं। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- प्रतापगढ़ में बड़ी वारदात, गड़े धन को लेकर वृद्ध पर जानलेवा हमला-भतीजी का काटा हाथ, देखिये Video
