प्रतापगढ़ में बड़ी वारदात, गड़े धन को लेकर वृद्ध पर जानलेवा हमला-भतीजी का काटा हाथ, देखिये Video
प्रतापगढ़, अमृत विचार। गड़े धन के बारे में पूछताछ के लिए आये नकाबपोश युवकों ने वृद्ध को मारकर अधमरा कर दिया। बचाने के लिए दौड़ी भतीजी का हाथ काट लिया। दहशत फैलाने के लिए धमकी देते हुए कई राउंड फायरिंग की। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को इलाज के लिए सीएचसी कोहड़ौर ले गई। जहां गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने राजा प्रताप बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया। घायल वृद्ध के बेटे ने एक नामजद सहित 6-7 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
नगर पंचायत कोहंडौर के बोझवा लाखीपुर वार्ड में शनिवार को देर रात घर के बाहर मच्छरदानी लगाकर सो रहे 65 वर्षीय वृद्ध मोहन लाल यादव पुत्र भगौती दीन पर आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश युवकों ने हमला बोल दिया। जानलेवा हमले में कई वार से मोहनलाल गम्भीर रूप से घायल हो गए। चीखते हुए बचाने दौड़ी भतीजी 22 वर्षीय रिंकी यादव पुत्री विश्वनाथ यादव के हाथ पर भी धारदार हथियार से बदमाशों ने हमला कर दिया। जिससे दोनों लोग घायल हो गए। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने धमकी देते कई राउंड फायरिंग भी की। गांव वालों को अपनी तरफ आता देख सभी बदमाश हथियार व असलहा लहराते हुए भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को लेकर कोहंडौर सीएचसी पहुंची। हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने दोनों को राजा प्रताप बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया। गांव में चर्चा रही कि गड़े धन के सम्बन्ध में पूछताछ के लिए मोहन पर तीन माह पूर्व भी रात में तीन अज्ञात लोग आए और मुंह दबाकर गड़े हुए धन के सम्बंध में जानकारी ली। न बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी,जिस पर मोहन के बेटे अनिल ने सीसीटीवी कैमरा लगवा लिया था।
शनिवार की रात हुई घटना उसी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल मोहनलाल यादव के बेटे ने पुलिस को लाखीपुर निवासी सूरज गिरी पुत्र बलराम गिरी समेत 6- 7 अज्ञात नकाबपोश हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
वर्जन-
नकाबपोश युवकों के हमले में घायल वृद्ध व उसकी भतीजी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। मामले में एक नामजद व 6-7 अज्ञात के खिलाफ तहरीर मिली है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही गिरफ्तारी कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-दुर्गेश कुमार सिंह,अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी,प्रतापगढ़
#Video प्रतापगढ़ में बड़ी वारदात, गड़े धन को लेकर वृद्ध पर जानलेवा हमला-भतीजी का काटा हाथ, देखिये Video#pratapgarh #pratapgarhpolice #uppolice pic.twitter.com/uIDfjGWb1k
— Amrit Vichar (@AmritVichar) July 28, 2024
ये भी पढ़ें -सीतापुर: पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति हथियार सहित गिरफ्तार
