ओवर स्पीडिंग : कैलोरी ब्रेड की महिला लैब मैनेजर समेत दो लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत
घर से ऑफिस जा रही थी महिला लैब मैनेजर, शहीद पथ के पास हादसा हुआ
लखनऊ/ काकोरी, अमृत विचार। पीजीआई थानाक्षेत्र अंतर्गत शहीद पथ अंडर पास में सड़क दुर्घटना में घायल कैलोरी ब्रेड की लैब मैनेजर नीतू सिंह (34) की शनिवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। पत्नी की मौत के बाद पति ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पीजीआई थाने में लिखित शिकायत देते हुए कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल, पुलिस वाहन चालक की तलाश में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक, गोमतीनगर विस्तार के वरदानखंड निवासी नीतू सिंह कैलोरी ब्रेड कंपनी में बतौर लैब मैनेजर के रूप में कार्यरत थीं, शुक्रवार सुबह वह स्कूटी से आफिस जा रही थी। तभी वृंदावन योजना के पास शहीद पथ अंडर पास में एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी स्कूटी पर टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में नीतू गंभीर रूप से जख्मी हो गई थी। उन्हें नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया था, लेकिन हालत नाजुक होता देख डॉक्टरों ने उन्हें केजीएमयू के ट्रामा सेंटर में रेफर कर दिया था। जहां, शनिवार देर रात अस्पताल में भर्ती नीतू ने इलाज के दौरान के दम तोड़ दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतका के पति अमित सिंह निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी पांच साल की बेटी इशानवी है। बीते 19 जुलाई को पत्नी के साथ मिलकर बेटी का जन्मदिन उत्साह पूर्वक मनाया था।
टैंकर के अगले हिस्से में फंसकर पिकअप चालक की मौत
वहीं, काकोरी थानाक्षेत्र अंतर्गत आउटर रिंग रोड पर रविवार सुबह टैंकर और पिकअप की आपस में भिंडत हो गई। इस दुर्घटना में पिकअप चालक फैसल की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक नवाब अहमद ने बताया कि सुबह पुलिस कंट्रोल रूम पर दुर्घटना की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बताया कि पिकअप को पीछे से दूध के टैंकर ने टक्कर मार दी थी।
जिसमें पिकअप बुरी तरह से टैंकर के पिछले हिस्से में फंस गया था। इस दुर्घटना में कानपुरनगर के नौबस्ता थानाक्षेत्र के कबीर नगर निवासी पिकअप चालक फैसल बुरी तरह से जख्मी हो गया था। पुलिस ने उसे बाहर निकाल कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शिनाख्त के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें- आत्मघाती कदम : आर्थिक तंगी से परेशान टेलर ने फंदा लगाकर की खुदकुशी
