Unnao: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव, अमृत विचार। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के जाजमऊ चौकी अंतर्गत लखापुर गांव के मजरा रामगंज में रहने वाले एक युवक की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसकी जानकारी जाजमऊ चौकी पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। वहीं परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है।

बता दें लखापुर के रामगंज निवासी अर्जुन का 24 वर्षीय बेटा मदन सिंह कानपुर नगर के रामादेवी में किराए के मकान पर रहता था। परिजनों ने बताया कि मदन की तबीयत खराब होने की सूचना पर महेश, मुन्नर एवं एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात परिजन मौके पर पहुंचे। जहां उसके पैर से खून निकल रहा था।

यह देख परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। इसके बाद हत्या का आरोप लगाते हुए जाजमऊ चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना पर जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जाजमऊ चौकी इंचार्ज राजीव भदोरिया ने बताया कि मृतक के पैर में चोट पर पट्टी बंधी हुई थी। शरीर में अन्य कोई जगह चोट के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा। वहीं मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। इस बाबत कोतवाली प्रभारी रामफल प्रजापति ने बताया कि शरीर में पैर के अलावा और कहीं चोट के निशान नहीं है। बीमारी से मौत होने की आशंका है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।

संबंधित समाचार