लखीमपुर खीरी: इंस्पेक्टर विवेक हटे, मनबोध तिवारी होंगे पलिया के प्रभारी निरीक्षक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। सिख समाज को आतंकवादी और उपद्रवी कहने वाले पलिया इंस्पेक्टर विवेक कुमार उपाध्याय को एसपी ने सोमवार को हटा दिया है। उन्हें इसी पद पर थाना खमरिया भेजा है। जबकि प्रभारी निरीक्षक खमरिया मनबोध तिवारी अब पलिया के नए प्रभारी निरीक्षक होंगे। उधर धरना स्थल पर पहुंचे एएसपी पश्चिमी नैपाल सिंह के आरोपी इंस्पेक्टर को हटाने का आश्वासन पर सिख समाज ने रविवार की देर रात धरना समाप्त कर दिया था। 

बता दें कि भीरा थाना क्षेत्र के ग्राम अंबारा निवासी कुछ सिख फार्मर रविवार की शाम को महंगापुर आदि गुरुद्वारे में माथा टेककर अपने घर वापस जा रहे थे। जिनका पलिया-भीरा के मध्य सड़क पर बह रहे पानी से  निकलते समय पलिया कोतवाल विवेक उपाध्याय से विवाद हो गया था। आरोप है कि उन्होंने सिख समुदाय के लोगों को आतंकवादी और उपद्रवी कहकर अपमानित किया था, जिसका वहीं मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना कर प्रसारित कर दिया।

इससे सिख समाज के लोग उत्तेजित हो गए थे और गुरुद्वारा में सभा करने के बाद नगर में जुलूस निकाला था। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई थी। उसके बाद तहसील गेट पर जाकर धरने पर बैठ गए थे। धरना स्थल पर पहुंचे एसडीएम कार्तिकेय सिंह व सीओ यादवेंद्र यादव ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन धरना दे रहे लोग नहीं माने।

उनका कहना था कि जब तक इंस्पेक्टर को हटाया नहीं जाएगा तब तक वह धरना समाप्त नहीं करेंगे। आधी रात के बाद करीब 1:00 बजे पहुंचे एएसपी नैपाल सिंह ने धरना दे रहे लोगों से वार्ता की और वीडियो देखा। उन्होंने कोतवाल विवेक उपाध्याय को हटाने का आश्वासन दिया, जिस पर लोग माने और धरना समाप्त कर दिया।

संबंधित समाचार