लखीमपुर खीरी: रिटायर्ड सूबेदार के बेटे की गला रेतकर हत्या, बाग में पड़ा मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। नगर के मोहल्ला पश्चिम लखपेड़ा निवासी सेना के रिटायर्ड सूबेदार के 40 वर्षीय बेटे फिरोज खां की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वह रविवार की शाम करीब पांच बजे घर से निकला था। सोमवार को उसका खून से लपथप शव मेहंदी बाग में बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर कपड़े के दो ग्लब्स और एक पन्नी में रखी रस्सी बरामद कर कब्जे में ली है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।

मोहल्ला पश्चिमी लखपेड़ा निवासी बाबू अली खां सेना से सूबेदार के पद से रिटायर्ड हैं। उनका बेटा फिरोज खान (40) रविवार की शाम 5 बजे घर से निकला था। रात 09:30 उसे इदारा मस्जिद के पास आफताब की दुकान पर लोगों ने खड़े देखा था। उसके बाद से वह गायब हो गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार वालों ने उसकी तलाश की, लेकिन फिरोज खां का कोई पता नहीं चला।

सोमवार की सुबह उसका शव मेहंदी बाग में पड़ा देखा। उसकी गर्दन धारदार हथियार से रेती हुई थी। उसके पास कपड़े के दो ग्लब्स पड़े थे। एक ग्लब्स में काफी खून लगा था। एक पॉलिथीन में रस्सी पड़ी थी। शव मिलने की सूचना पर रोते-बिलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। हत्या की खबर पाकर सीओ अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे और छानबीन की।

घटनास्थल को देखने से ऐसा ऐसा लग रहा था कि उसकी हत्या कहीं और की गई और शव मेहंदी बाग में लाकर डाला गया। क्योंकि उस बाग में एक चौकीदार रात में रहता है। बाग में ही एक पानी की बड़ी टंकी बन रही है, जिससे वहां काफी सामान फैला रहता है। यदि हत्या वहां होती तो उसके चिल्लाने की आवाज भी सुनाई देती। मृतक का मोबाइल गायब है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मृतक का गला कटा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। बहरहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनसे वह पूछताछ तक रही है।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: इंस्पेक्टर विवेक हटे, मनबोध तिवारी होंगे पलिया के प्रभारी निरीक्षक

संबंधित समाचार