बाराबंकी : क्रिकेटर रविकान्त शुक्ला से 71 लाख की ठगी करने वाला फहद गिरफ्तार
प्राइवेट कंपनी बनाकर करता था धोखाधड़ी और जमीन का कारोबार, लोगों के लाखो रूपये डकारे, लखनऊ में दर्ज है आधा दर्जन से अधिक मामले
बाराबंकी, अमृत विचार। आखिरकार बाराबंकी पुलिस को सोमवार एक बड़ी कामयाबी मिली। जनता से ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को शहर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को धर दबोचा। प्राइवेट कंपनी बनाकर जमीन के नाम पर जनता से करोड़ों रूपये की ठगी करने वाले गिरोह के सरगना जनपद लखनऊ के आलाया होम्स अपार्टमेंट ए नर्मदा भवन डालीगंज निवासी फहद याजदानी पुत्र गुलाम याजदानी को शहर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार किया गया अभियुक्त धोखाधड़ी कर आम लोगों को ठगी का शिकार बनाता रहा है। इसका एक गिरोह है। यह अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर याजदान इंफ्राकन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बनाकर बिल्डर का काम करता था और आम लोगों के साथ जालसाजी और धोखाधड़ी कर खरीदारों को अवैध जमीन दिखाकर कूट रचित दस्तावेजों के सहारे बैनामा करवा कर भोली भाली जनता से रूपये ठगने का काम करता रहा। जिस फ्लैट के नाम पर रूपये लेता, वह फ्लैट न देकर पीडितों से मारपीट व जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस अधीक्षक उत्तरी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि अभियुक्त की एक अपराधिक पृषठभूमि है। अभियुक्त फहद याजदानी पर जनपद लखनऊ में अलग अलग थाने में करीब आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि बाराबंकी मे दो केस दर्ज हैं।
चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि बीते साल अलाया अपार्टमेंट ढहने से तीन लोगों की मौत के मामले में बिल्डर फहद याजदानी को हजरतगंज पुलिस ने इसे नैनीताल के भुवाली ली से गिरफ्तार किया था। आरोपी सात महीने से फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी को लेकर कमिश्नरेट पुलिस ने अभियुक्त पर पच्चीस हजार रूपये का ईनाम भी घोषित किया था। फहद याजदन ने मशहूर क्रिकेटर रविकान्त शुक्ला से भी धोखाधड़ी कर 71 लाख रूपये ठग लिए। जिसका मुकदमा पंजीकृत है।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज : स्कूल में दस्तावेज में धांधली के मामले में पूर्व विधायक राम कृपाल कोल को 7 साल की सजा
