Kanpur News: यमुना में नहाने गए दो किशोर डूबे, दो युवकों को बचाया गया...गोताखोर तलाश में जुटे
सजेती थानाक्षेत्र के हरदौली गांव में हुई घटना
कानपुर, अमृत विचार। सजेती थानाक्षेत्र में यमुना नदी में नहाने गए दो युवक और दो किशोर गहरे पानी और तेज बहाव में डूबने लगे। इस दौरान शोर मचाने पर किनारे मौजूद लोगों ने दो लोगों को बचा लिया। उन्हें चिकित्सा के लिए हमीरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन दो अन्य का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उनकी तलाश कराई।
हरदौली गांव निवासी अवधेश सचान का नौसेना में तैनात 25 वर्षीय बेटा अंकित सचान छुट्टी पर घर आया था। इस मौके घर में कथा का आयोजन रखा गया था। देर शाम अंकित के साथ उसका छोटा भाई 20 वर्षीय कपिल, मौसेरा भाई कृष्णा और दोस्त दीपक गुप्ता यमुना नदी में नहाने गए थे।
वह लोग नहाने के दौरान सुरक्षा के लिए घर से थर्माकोल की शीट वाला प्लेटफार्म ले गए थे। लेकिन थर्माकोल में पानी भरने से चारों दोस्त नदी में डूबने लगे। शोर सुनकर नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने अंकित सचान और दीपक गुप्ता को तो कड़ी मशक्कत करके बाहर निकाल लिया। लेकिन कपिल और कृष्णा गहरे पानी में चले गए।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने उनकी तलाश में गोताखोरों को नदी में उतारा। इसके बाद जाल लगवाकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। रात में अंधेरा ज्यादा होने के कारण सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। सजेती पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह से फिर से नदी में दोनों युवकों की तलाश कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: केपीएम अस्पताल में एक्सरे मशीन खराब, मरीज हो रहे परेशान
