बड़े हनुमान मंदिर कॉरिडोर: महंत बलबीर गिरी ने किया भूमि पूजन, PDA वीसी भी रहे मौजूद
प्रयागराज, अमृत विचार। महाकुंभ से पहले संगम नगरी की सूरत बदलने वाली है। संगम क्षेत्र में बांध पर स्थित बड़े हनुमान मंदिर कॉरिडोर का निर्माण मंगलवार से शुरू किया जा रहा है। इससे पहले मंदिर के महंत बलगिरि गिरि व अन्य संतों ने विधि विधान से पूजा अर्चना की। प्रयागराज विकास प्राधिकरण के वीसी अरविंद कुमार चौहान समेत मेला प्राधिकरण के अधिकारी भी इस भूमि पूजन में शामिल रहे। जनवरी माह में शुरु होने जा रहे महाकुंभ को लेकर मंदिर को कॉरिडोर का रूप दिया जा रहा है।
प्रयागराज में ऐतिहासिक महाकुंभ के मेले में देश और विदेश से श्रद्धालु आते है। संगम स्नान के बाद लोग हनुमान मंदिर दर्शन के लिए जाते हैं। इस कॉरिडोर निर्माण के लिए स्वीकृति पहले ही मिल गयी थी। लेकिन कुछ आपसी विवाद को लेकर मामला रुका हुआ था। जिसके बाद अब निर्माण कार्य पर भी सहमति बन गयी है।
मंगलवार को मंदिर में महंत बलगिरि गिरि व अन्य संतों ने प्रयागराज विकास प्राधिकरण के वीसी अरविंद कुमार चौहान समेत मेला प्राधिकरण के अधिकारी ने भूमि पूजन किया। कार्य के लिए करीब 38 करोड़ रुपए की स्वीकृति हुई है। अधिकारियों ने बताया कि कॉरिडोर निर्माण के क्रम में मंदिर में दो बड़े गेट बनेगे। इसमें एक गेट श्रद्धालुओं के प्रवेश और दूसरा गेट निकासी के लिए होगा। मंदिर के अंदर 10 द्वार अलग से बनाए जाएंगे। मंदिर के अंदर जो दीवारें होंगी उस पर श्री हनुमान जी से जुड़ी आकृतियां भी बनाई जाएंगी। सबसे अहम बात यह है कि मंदिर में भोग और प्रसाद के लिए एक विशेष रसोई घर भी बनेगा।
महाकुंभ मेला अधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि यह भव्य और विशेष कॉरिडोर होगा। इसका कार्य जल्दी पूरा होगा। श्रद्धालुओं के लिए एक पूजा स्थल भी बनाया जायेगा। मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश और निकासी के लिए बड़े रास्ते बनाये जायेंगे।
ये भी पढ़ें -केरल में भूस्खलन की आपदा, दो दिन का शोक घोषित-आधा झुका रहेगा राष्ट्रीय ध्वज
