बलरामपुर पुलिस ने किया खुलासा, पुरानी रंजिश को लेकर शाहिद ने की थी सुल्तान की हत्या
बलरामपुर, अमृत विचार। गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के सोनपुर चौराहा के पास गत सोमवार की शाम पचपेड़वा के औरहवा गांव निवासी सुल्तान की राड से वार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने हत्यारोपित गैंसड़ी के संग्रामपुर गांव निवासी शाहिद को मंगलवार की भोर साथी गांव के मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह मुंबई भागने की फिराक में ट्रेन पर बैठने जा रहा था। शाहिद ने सुल्तान की हत्या का कारण पुरानी रंजिश बताया है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि शाहिद और सुल्तान दोनों मित्र थे। छानबीन में सामने आया है कि करीब दो वर्ष पूर्व पचपेड़वा में दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसे लेकर शाहिद ने मन में खुन्नस पाल रखी थी। सोमवार की शाम दोनो करीब सात बजे संग्रामपुर चौराहा के पास खड़े थे। इसके बाद दोनों सोनपुर चौराहा स्थित एक दुकान के पीछे चले गए। वहां पर दोनों साथ में खा-पी रहे थे। अचानक दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। वहीं बगल दुकान के पास से बाइक के शाकर की राड पड़ी थी। शाहिद ने राड उठाकर सुल्तान के सिर पर वार कर दिया। सुल्तान ने भागने का प्रयास किया, लेकिन युवक ने उसे दौड़ाकर पुन: उसके सिर पर कई वार किए। सुल्तान का सिर फट गया और वह जमीन पर लेट गया। सुल्तान को ढेर होता देखा शाहिद फरार हो गया। शाहिद ने सुल्तान को फोन करके बुलाया था ।स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाई। सुल्तान को मृत पड़ा देख एंबुलेंस लौट गई।
मृतक सुल्तान की मां रोशन जहां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। शाहिद की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। मंगलवार की भोर मुखबिर से सूचना मिली कि शाहिद मुंबई भागने की फिराक में ट्रेन पकड़ने रेलवे स्टेशन जा रहा है। घेराबंदी करके उसे दबोच लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर आला कत्ल राड भी बरामद कर लिया गया है । आरोपी को जरिए न्यायालय जेल भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें -बड़े हनुमान मंदिर कॉरिडोर: महंत बलबीर गिरी ने किया भूमि पूजन, PDA वीसी भी रहे मौजूद
