अयोध्या में विकास कार्य रुका नहीं, विपक्ष का आरोप निराधार :लल्लू सिंह 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

अयोध्या, अमृत विचार। भाजपा के पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अयोध्या में विकास कार्य यथावत जारी हैं। कोई काम रुका नहीं, विपक्ष का आरोप निराधार है। कहा कि विपक्ष ने कभी सकारात्मक राजनीति नहीं की। केवल आम जनता को गुमराह किया। उन्होंने अयोध्या-प्रयाग हाइवे को छह लेन किए जाने सहित चार नई परियोजनाओं की जानकारी दी। जिन पर काम शुरू होगा।

पार्टी कार्यालय सिविल लाइन में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेशों में विकास के लिए पैकेज की व्यवस्था होती है। अयोध्या में परियोजनाओं के लिए पैसा विभागों से आता है। केंद्र और प्रदेश सरकार से जब जितना जरूरत होता है, पैसा देती है। विपक्ष से अयोध्या में काम रुकने और पैसा न मिलने को लेकर जनता के सामने गलत आंकड़े प्रस्तुत किए। अयोध्या का वैभवशाली होना और विकास विपक्ष को कभी अच्छा नहीं लगा। हमेशा रुकावटे लाने की कोशिश की। विपक्ष की इस साजिश का जवाब, जनता के बीच किए गए कार्य और विकास को आगे बढ़ाकर दिया जाएगा। किसी भी परियोजना की गति मंद नहीं पड़ने दी जाएगी। श्रद्धालुओं, पूज्य संतों के साथ जनता की आवाज आगे पहुंचाया जाएगा। 

एक सवाल के जवाब में कहा कि नव्य अयोध्या और एयरोसिटी से उनका लेना देना नहीं रहा है। जमीनों की बावत केंद्र सरकार को लिखे गए पत्र के सवाल पर कहा कि यह पत्र किसी भ्रष्टाचार को लेकर नहीं लिखा था बल्कि शहर की नजूल की जमीनों लेकर था। जिन पर बिना प्राधिकरण से नक्शा पास कराए निर्माण कराए जा रहे थे। इससे गरीबों को क्षति हो रही थी। नजूल की जमीन सरकार के पक्ष में ही दर्ज हो, पत्र इसलिए लिखा था।

उन्होंने चार नई विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। कहा कि अयोध्या-प्रयागराज के बीच हाइवे छह लेन होगा। काम 2025 कुंभ के बाद शुरू होगा। अयोध्या कैंट से प्रयागराज रेलवे ट्रैक का दोहरीकरण होहा। अयोध्या कैंट से लालगंज रायबरेली नई रेलवे लाइन का निर्माण होगा। 
कहा कि अयोध्या के विकास का काम तो केंद्र सरकार ने साल 2015 में अयोध्या-सुल्तानपुर राजमार्ग के निर्माण से ही शुरू कर दिया था। 2017 में प्रदेश सरकार ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 2016 में पर्यटन विकास के लिए 133 करोड़ रूपये मिले। अयोध्या-जगदीशपुर फोर लेन, बाराबंकी, अयोध्या जफराबाद रेल ट्रैक दोहरीकरण का शिलान्यास इसी साल हुआ। अब तक अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन, महर्षि वाल्मीकि हवाई अड्डा, दर्शननगर मेडिकल कालेज, शहर से देहात तक सात रेलवे ओवरब्रिज बन गए या फिर बन रहे हैं। घाटों और कुंडो का निर्माण, रेलवे कोल साइडिंग, माल साइडिंग, भरतकुंड सहित तीन स्टेशनों का जीर्णोद्धार, 14 कोसी, पंचकोसी परिक्रमा मार्ग सहित कई बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं या फिर इनमें से कई पूरी हो गई है। उन्होंने विकास का पूरा खाका बताया।

ये भी पढ़ें -गजब! पब्लिक ने पकड़ा चोर, वाहवाही लूट रही पुलिस, जानिये क्या है पूरा मामला

संबंधित समाचार