प्रतापगढ़: नकाबपोश बदमाशों का बीओबी ग्राहक सेवा केंद्र पर धावा, संचालिका घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुंडा/ प्रतापगढ़, अमृत विचार। बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहक सेवा केंद्र पर बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाश लूट के इरादे से पहुंचे। लूट के प्रयास में नाकाम होने पर फायरिंग की,जिसमें ग्राहक सेवा केंद्र की संचालिका घायल हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुट गई। मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

कुंडा थाना क्षेत्र के बसवाही गांव निवासी विपिन शुक्ल की पत्नी सुनीता शुक्ला बसवाही मुसन्नापुर चौराहे पर बैंक ऑफ बड़ौदा का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करती हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे तीन नकाबपोश बदमाश काले रंग की टीवीएस राइडर बाइक से पहुंचे। दो बदमाश टाइनी शाखा में घुस गए, तीसरा बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा। टाइनी में घुसे बदमाशों ने संचालिका से आधार कार्ड से पैसे निकालने की बात कही। आशंका होने पर संचालिका सुनीता ने बदमाशों को बाहर निकालने लगी। इस दौरान बदमाश पैसे छीनने की कोशिश करने लगे तो सुनीता बदमाशों से भिड़ गई। लूट में नाकाम होने पर बचने के लिए बदमाशों ने फायर झोंका, जिसमें सुनीता घायल हो गई। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। लोगों को आता देख तीनों बदमाश बाइक से अघिया गांव की तरफ भाग निकले। 

सूचना पर कुंडा कोतवाल सत्येंद्र सिंह,कुछ देर बाद सीओ अजीत सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायल अवस्था में पड़ी ग्राहक सेवा केंद्र की संचालिका को इलाज के लिए सीएचसी भेजवाया। सूचना पर एएसपी पश्चिमी संजय राय भी मौके पर पहुंचे और घटना के सम्बन्ध में जानकारी ली। पीड़िता के पति विपिन शुक्ल की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। इस सम्बन्ध में एएसपी पश्चिमी संजय राय ने बताया कि घटना के सम्बन्ध में जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला का इलाज चल रहा है। तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी है।

ये भी पढ़ें -कासगंज: एक बार फिर ठगी के जाल में फंसती दिखाई दे रही है युवा पीढ़ी

संबंधित समाचार