बलरामपुर : कटौती से नाराज बिजली उपभोक्ताओं ने पावर हाउस के गेट में जड़ा ताला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देर रात तक करते रहे हंगामा, विधायक के समझाने बुझाने पर हुए शांत 

बलरामपुर, अमृत विचार। विभागीय लापरवाही के चलते तराई के करीब पांच लाख लोगों को बराबर बिजली नसीब नही है, यहां सरकार का दावा हवा हवाई साबित हो रहा है। भीषण गर्मी में बिजली न मिलने से नाराज दर्जनों बिजली उपभोक्ताओं ने मंगलवार रात विद्युत सब स्टेशन बेलभरिया हरैया का घेराव करके तालाबंदी करते हुए अनशन पर बैठ गये। थाना हरैय्या निरीक्षक गोविंद राम मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील की। दूरभाष पर क्षेत्रीय विधायक कैलाशनाथ शुक्ल से उपभोक्ताओं ने वार्ता की। विधायक के समझाने पर उपभोक्ताओं ने पावर हाऊस का ताला खोलकर अनशन को समाप्त किया।

क्षेत्र के मजगवा गांव निवासी समाजसेवी रोहित तिवारी के नेतृत्व में राघव, साजन, दद्दन मिश्र, धर्मेंद्र, जग्गा, ननकने, बड़कन, विनोद, अजय तिवारी, मोहित मिश्र, रिंकू, बजरंगी द्विवेदी, एडवोकेट दिनेश कुमार जायसवाल, रोहित मिश्र समेत दर्जनों लोग मंगलवार रात्रि करीब 11 बजे विद्युत सब स्टेशन बेलभरिया हरैया का घेराव करके मुख्य गेट पर ताला बंदी करके अनशन पर बैठ गये। बिजली न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। 

ग्रामीणों का आरोप है कि योगी सरकार जहां ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घण्टे बिजली देने का दावा कर रही है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में महज 5 से 6 घण्टे ही बिजली मिल पाती है। बताया कि बिजली कर्मियों के लापरवाही से आये दिन लाइन फॉल्ट रहती है। नियमित बिजली नही मिल पाती है जबकि बिजली बिल प्रत्येक माह का देना पड़ता है। 

आरोप लगाया कि शाम ढलते ही विद्युत सब स्टेशन बेलभरिया से कर्मचारी व क्षेत्रीय अवर अभियन्ता  गायब हो जाते है। बिजली उपभोक्ताओं का फोन तक नही उठाते है। भीषण गर्मी व अंधेरे में रहने के लिए बिजली उपभोक्ता मजबूर रहते है। जंगलवर्ती क्षेत्र होने के कारण रात्रि में जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। लोगों ने कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर बिजली व्यवस्था में सुधार नही किया गया तो चक्काजाम कर आन्दोलन के लिए बाध्य होंगें, जिसकी समस्त जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। इस संबंध में एसडीओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि जांच कराकर जल्द ही समस्या का समाधान कराया जायेगा।

ये भी पढ़ें- बलरामपुर: ससुर ने चाकू से हमला कर बहू को उतारा मौत के घाट, हुआ फरार 

संबंधित समाचार