अमरोहा : अन्तर्राज्यीय गिरोह के दो चोर गिरफ्तार, पांच लाख के जेवर व नकदी बरामद
चोरी के मामलों का खुलासा करते सीओ अभिषेक यादव
अमरोहा, अमृत विचार। थाना अमरोहा देहात पुलिस व एसओजी टीम ने कूमल काटकर चोरी करने वाले अंतरर्राज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से पांच लाख से अधिक के जेवर व 5.24 लाख की नकदी, तमंचे व बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
बुधवार को सीओ अभिषेक यादव ने थाना अमरोहा देहात में चोरी की घटनाओं को खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात कैलसा से कटाई जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस टीम को देखकर भाग रहे बाइक सवार दो आरोपी वाजिद उर्फ भूरा पुत्र जहीर निवासी गांव मूंढाइम्मा व खुर्शीद पुत्र फिदा हुसैन निवासी गांव हरथला थाना असमोली जनपद संभल को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की विभिन्न घटनाओं का खुलासा हुआ। जिसमें कुंडल, अंगूठी ताबीज सहित अन्य आभूषण जिनकी कीमत पांच लाख से अधिक है, की बरामद की है। इसके अलावा 5 लाख 24 हजार 700 नकद बरामद किए गए हैं।
आरोपी वाजिद उर्फ भूरा ने अपने ज्वार के खेत में व आरोपी खुर्शीद ने अपने घर में अनाज की टंकी में छुपाकर सामान व नकदी रखी थी। जिनको पुलिस ने बरामद कर लिया है। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि दोनों ही आरोपी घरों में कूमल लगाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इन्होंने 26 जुलाई की रात को गांव तेलीपुरा व 28 जुलाई की रात को गांव खैरातपुरा में चोरी की। 19 जून की रात को कैलसा के पास गांव में एक घर में कूमल लगाकर चोरी की थी। इसके अलावा चार जुलाई को भी इन्होंने गांव निजामपुर सैंधरी में एक घर में कमूल लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों के कब्जे से कूमल काटने का सामान, एक सब्बल, दो टॉर्च भी बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
पकड़े गए दोनों शातिर के अपराधी
सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि भूरा उर्फ वाजिद व खुर्शीद शातिर अपराधी हैं। भूरा के खिलाफ लूट, चोरी व गैंगस्टर आदि से संबंधित करीब 45 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी खुर्शीद के खिलाफ लूट, चोरी गैंगस्टर आदि के 19 मुकदमे दर्ज हैं।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : एसएसपी ने 63 दरोगाओं के कार्य क्षेत्र में किया फेरबदल, कई चौकी इंचार्ज बदले
