मुरादाबाद: लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए नए साल तक करना पड़ेगा इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। यदि आपको लर्निंग लाइसेंस बनवाना है तो इसके लिए आपको नए साल यानी 2021 तक का इंतजार करना पड़ेगा। पेंडेंसी अधिक होने व रोजाना 120 लाइसेंस ही जारी करने का सिस्टम होने के कारण एक से डेढ़ माह में जारी होने वाले ड्राइविंग लाइसेंस के लिए अधिक समय लग रहा है। ऑनलाइन आवेदन …

मुरादाबाद,अमृत विचार। यदि आपको लर्निंग लाइसेंस बनवाना है तो इसके लिए आपको नए साल यानी 2021 तक का इंतजार करना पड़ेगा। पेंडेंसी अधिक होने व रोजाना 120 लाइसेंस ही जारी करने का सिस्टम होने के कारण एक से डेढ़ माह में जारी होने वाले ड्राइविंग लाइसेंस के लिए अधिक समय लग रहा है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद लर्निंग लाइसेंस से पूर्व कंप्यूटर टेस्ट के लिए भी आवेदकों को जनवरी के बाद की तारीख मिल रही है।

लर्निंग लाइसेंस जारी होने के एक माह बाद परमानेंट लाइसेंस के लिए आवेदन करने का नियम है। लेकिन, परमानेंट लाइसेंस से पूर्व ड्राइविंग टेस्ट के लिए भी दो से ढाई माह आगे की तारीख मिल रही है।

नया मोटर व्हीकल एक्ट लागू होने के बाद चालान की जुर्माना राशि पांच गुना तक बढ़ाई गई है, जिस कारण लोगों में यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरुकता बढ़ी है। जुर्माने से बचने के लिए लोग लाइसेंस, वाहनों की फिटनेस सहित अन्य जरुरी कागजात पूरे करने के लिए आरटीओ कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।

लॉकडाउन के बाद लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू होने के बाद नियमित रूप से 400 से 500 लोग लाइसेंस बनाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। कोरोनाकाल होने के कारण आवेदन करने के बाद कई आवेदक कंप्यूटर टेस्ट के लिए भी तय समय पर नहीं पहुंचते, ऐसे में उन्हें पुन: आगे की तारीख दी जाती है। परमानेंट लाइसेंस जारी करने में भी ड्राइविंग टेस्ट के समय यह समस्या आ रही है। वर्तमान समय की बात करें तो लर्निंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों को फरवरी 2021 तक की तारीख मिल रही है।

रोजाना जारी किए जा रहे हैं 120 लाइसेंस
ऑनलाइन आवेदन के बाद सभी प्रक्रिया पूरी कर रोजाना लर्निंग व स्थाई 120-120 लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं। टेस्ट के लिए आवेदकों के अनुपस्थित रहने के कारण भी पैंडेंसी बढ़ रही है।

सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर बन रहे लाइसेंस
आरटीओ कार्यालय में लर्निंग व परमानेंट लाइसेंस की तिथि मिलने, टेस्ट ड्राइव व अन्य काम के लिए आने वाले आवेदकों से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जा रहा है। लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदक दो गज की दूरी का प्रयोग करने के साथ ही मास्क भी लगा रहे हैं। ताकि कोरोना संक्रमण से स्वयं को बचा सकें।

आरआई,अरविंद सिंह ने बताया कि करीब पांच महीने तक लाइसेंस सहित अन्य कार्य बंद थे। ऐसे में पुराने आवेदकों को नई तारीख जारी की जा रही है। ऐसे में नए आवेदकों को 2021 फरवरी तक की तारीख मिल रही है।

 

संबंधित समाचार