प्रतापगढ़: डीएम ने बाहरी दवा लिखने पर चिकित्सक को फटकारा, दी हिदायत
डीएम व सीडीओ ने मेडिकल कालेज का किया औचक निरीक्षण
प्रतापगढ़, अमृत विचार। जिलाधिकारी संजीव रंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी नवनीत सेहारा ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा।
डीएम ने पर्चा काउन्टर और महिला व पुरुष काउंटर पर दवा लेते हुए मरीजों से जानकारी ली कि बाहर की दवा तो नही लिखी जा रही है। इस पर मरीज द्वारा बताया गया कि बाहर की दवा डॉक्टर द्वारा लिखी जा रही है। इस प्रकरण पर डीएम ने मरीज के साथ मेडिकल कॉलेज के कक्ष संख्या-8 में पहुंचकर डा. अमित पाल से जानकारी ली कि बाहर की दवाइयां क्यों लिखी जा रही है।


डॉक्टर ने कहा कि बाहर की दवा नहीं लिखी जा रही है, तो वहां पर मरीज ने बताया कि डॉक्टर साहब बाहर की दवा लिखे हैं। डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुये डॉ. अमित पाल को कड़ी फटकार लगाई। समझाया कि अब से ऐसी पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। प्लास्टर रूम में हड्डियों के डॉक्टर से पूछताछ की और सिटी स्कैन रूम का निरीक्षण किया।

सीडीओ ने मरीजों से सिटी स्कैन के पर्चो के शुल्क जमा करने के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान रक्त केन्द्र कम्पोनेट यूनिट समय पर न खुलने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की और निर्देशित किया कि समय से रक्त केन्द्र कम्पोनेन्ट को खोला जाये। इस दौरान सीएमओ डा.अच्युत नारायण प्रसाद, डीपीएम राजशेखर, डॉ.सुधाकर सिंह आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- कस्तूरबा विद्यालय की दो छात्राएं जाएंगी जापान : प्रतापगढ़ और प्रयागराज से एक - एक छात्रा चयनित
