नैनीताल में झमाझम बारिश से झील का जलस्तर पहुंचा 10 फीट

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

नैनीताल, अमृत विचार। सरोवर नगरी में शनिवार की सुबह झमाझम बारिश हुई। नैनीझील का जलस्तर 10 फीट पहुंच गया है। इसको देखते हुए नैनी झील से पानी के निकासी गेटों को खोल दिया है। जिनसे औसतन तीन इंच पानी की निकासी जारी है। नैनीताल में शुक्रवार देर रात से शनिवार सुबह तक बारिश जारी रही।

बारिश से नाले उफान पर रहे और स्कूली बच्चों समेत दफ्तरों को जा रहे कर्मचारियों को भीगने के लिए मजबूर होना पड़ा। बारिश थमने के बाद कुछ देर के लिए सूर्यदेव ने दर्शन दिए, लेकिन पुनः घने बादलों ने आसमान में डेरा डाल दिया जो शाम तक बने रहे।

इस बीच कोहरे ने भी कई बार नगर को अपने आगोश में लिया। शाम पांच बजे मौसम खुल गया और धूप निकल आई। प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी लगातार झील में पहुंच रहा है। जिस कारण झील के जलस्तर में वृद्धि हो रही है और नैनीझील से जल निकासी जारी है।

सिंचाई विभाग के झील नियंत्रण के अनुसार नैनीझील का जलस्तर  9.58 फीट बना हुआ है। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नगर का अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहा। आद्रता अधिकतम 100 व न्यूनतम 70 प्रतिशत दर्ज की गई। बारिश 19 मिमी रिकार्ड की गई।

संबंधित समाचार