बहराइच: मारपीट में घायल मासूम बच्चे की मौत, जमीनी रंजिश में हुआ था विवाद
बहराइच, अमृत विचार। जनपद के विशेश्वरगंज के मझवा बनकट गांव निवासी एक माह के बालक की इलाज के दौरान शनिवार रात को मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बालक पड़ोसी से हुई मारपीट में मां के साथ घायल हुआ था।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के मझवा बनकट गांव में बीते 18 जुलाई को पड़ोसी रिश्तेदारों में जमीनी रंजिश को लेकर मारपीट हो गई थी। जिसमें निजाम की पत्नी व उसके एक माह के बच्चे उज्जैद को भी चोट लगी थी। एक माह के बच्चे का इलाज अस्पताल में चल रहा था। शनिवार शाम को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों की सूचना पर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विशेश्वरगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार सिंह ने बताया कि घटना पुरानी है, जिसमें महिला व उसका मासूम बेटा घायल हो गए थे। एक माह के नवजात की मौत होने के बाद शव को पीएम के लिए भेजा गया है। घटना के समय ही आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। बच्चे की मौत पर विवेचना के दौरान धारा बढ़ाया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-Etawah Road Accident: आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कार और डबल डेकर बस की टक्कर में 7 लोगों की मौत, कई घायल
