बरेली कॉलेज : बीए के छात्र से प्रवेश के बहाने ठगे छह हजार रुपये
छात्र ने प्रवेश नियंत्रक से की शिकायत, एक छात्र संगठन से जुड़ा है आरोपी
बरेली, अमृत विचार : बरेली कॉलेज में एक छात्र से बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के बहाने छह हजार ठग लिए गए। छात्र ने एक संगठन से जुड़े छात्र पर आरोप लगाया है। छात्र की शिकायत पर मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए एक छात्र ने ईडब्ल्यूएस कोटे में प्रवेश के लिए आवेदन किया था। छात्र के आवेदन करने के बाद छात्र से एक छात्र ने प्रवेश के लिए छह हजार रुपये की मांग की। उसने कहा कि यह पैसे सेमिनार हाल में दिए जाएंगे। सेमिनार हाल में प्रवेश समिति बैठती है और छात्रों को प्रवेश संबंधी परामर्श देती है।
मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि छात्र का बीए में ईडब्ल्यूएस में मेरिट के आधार पर प्रवेश हुआ है, इसके बावजूद एक छात्र ने उससे पैसे हड़प लिए हैं। छात्र एक संगठन से जुड़ा हुआ है, हालांकि उसके पदाधिकारियों ने इससे इन्कार किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: अब स्नातक में विलंब शुल्क से होंगे प्रवेश, 4 से 12 अगस्त तक पंजीकरण की तिथि निर्धारित
