मुख्यमंत्री सैनी ने की किसानों के पिछले आबियाने का बकाया माफ करने की घोषणा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को किसानों का पिछले आबियाने का 133 करोड़ 55 लाख 48 हज़ार रुपए बकाया माफ करने की घोषणा की। उन्होंने इसीके साथ फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने की भी घोषणा की।

वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा 14 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। सैनी जिला कुरुक्षेत्र में आयोजित थानेसर विधान सभा की जनसभा को संबोधित कर रहे थे, जिसके साथ भाजपा के हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत भी की गई। मुख्यमंत्री ने जिला रोहतक, नूहं, फतेहाबाद और सिरसा में 2023 से पहले आपदा में फसलों को हुए नुकसान की मुआवजा की लंबित 137 करोड रुपए की राशि का भुगतान करने की घोषणा करते हुए कहा कि एक हफ्ते में यह राशि सम्बंधित किसानों के खाते में चली जाएगी।

सैनी ने कहा कि अब किसानों को नए ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए तीन स्टार वाली मोटर देश भर से कहीं से भी खरीदने की अनुमति होगी। वर्तमान में प्रदेश में तीन स्टार मोटर की केवल 10 कंपनियां पंजीकृत हैं। अब देश में तीन स्टार मोटर बनाने वाली सभी कंपनियां हरियाणा के पैनल पर आ जाएँगी और किसान अपनी सुविधा अनुसार किसी भी कंपनी से तीन स्टार मोटर खरीद सकेंगे।

ये भी पढ़ें- असम सरकार ‘लव जिहाद’ मामलों में उम्रकैद की सजा के लिए जल्द कानून लाएगी : मुख्यमंत्री हिमंत

संबंधित समाचार