प्रयागराज : 12 अगस्त को आगरा की जामा मस्जिद के सर्वेक्षण संबंधी याचिका पर अगली सुनवाई
प्रयागराज, अमृत विचार। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आगरा की जामा मस्जिद की सर्वेक्षण संबंधी याचिका पर सोमवार को सुनवाई करते हुए याची के अधिवक्ता को शाही मस्जिद ईदगाह प्रबंध समिति द्वारा दाखिल आवेदन पर जवाब दाखिल करने के लिए 7 दिन का समय देते हुए मामले की अगली सुनवाई आगामी 12 अगस्त को सुनिश्चित कर दी है।
कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मामले से जुड़े एक मुकदमे की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति मयंक कुमार जैन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है, क्योंकि यह मामला भगवान ठाकुर केशव जी महाराज विराजमान कटरा केशव देव के नाम पर दाखिल किया गया है। वादकारी ने मस्जिद का सर्वेक्षण करने के मामले में अधिवक्ता आयुक्त की नियुक्ति की प्रार्थना भी की थी। वादकारी ने याचिका में दावा किया है कि औरंगजेब ने 1670 में केशव देव का मंदिर ध्वस्त कर दिया था और उस प्रतिमा को आगरा में जामा मस्जिद के नीचे दफन कर दिया था।
इससे पूर्व शाही मस्जिद ईदगाह की प्रबंधन समिति ने एक आवेदन कर न्यायालय से स्वयं को इस मुकदमे में विपक्षी बनाने का अनुरोध किया था और सुनवाई के दौरान इस आवेदन की एक प्रति वादकारी को उपलब्ध कराई गई थी। वर्तमान याचिका में वादकारी की ओर से आवेदन दाखिल कर जामा मस्जिद का एएसआई सर्वेक्षण कराने का निर्देश देने और अधिवक्ता आयुक्त की नियुक्ति करने का अनुरोध किया गया।
यह भी पढ़ें- पीएम आवास में धांधली : आवास दिलाने के नाम पर पूर्व सभासद ने बुजुर्ग दम्पत्ति से की धोखाधड़ी
