बरेली: जानी दुश्मन मलेरिया अब तक 700 घरों में पहुंचा, 24 घंटे में मिले 53 नए मरीज
सीएमओ ने मलेरिया को विभाग को निगरानी बढ़ाने के दिए निर्देश
बरेली, अमृत विचार: जिले में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 53 नए मरीज मलेरिया से ग्रसित मिले हैं और अब मरीजों की संख्या 708 हो गई है। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने मलेरिया विभाग को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
मलेरिया विभाग से मिली रिपोर्ट के अनुसार पिछले एक सप्ताह से लगातार मलेरिया के मामलों की संख्या बढ़ रही है। रोजाना 15 से 20 मरीज मलेरिया से ग्रसित मिल रहे हैं। 31 जुलाई से 7 अगस्त तक 106 मरीजों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। हालांकि शहर की तुलना में देहात में मलेरिया का प्रकोप ज्यादा है। जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पिछले साल की तुलना में अभी मलेरिया का प्रकोप कम है लेकिन लगातार बारिश हो रही है और बारिश थमने के बाद घरों में मच्छरों का लार्वा मिलने की संभावनाएं अधिक हैं। टीमों को सख्ती से निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। जहां भी मरीज सामने आ रहे हैं वहां निरोधात्मक कार्रवाई कराई जा रही है।
