अमरोहा: अपहरण व सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एक दोषी को उम्रकैद, दो को मिली 20-20 साल की सजा, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा, अमृत विचार। चौकीदार की बेटी का अपहरण कर घर में बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अदालत ने एक दोषी को उम्रकैद व दो दोषियों को 20-20 साल की सजा सुनाई है। साथ ही दोषियों पर जुर्माना भी लगाया गया है।
  
घटना 10 जुलाई 2016 को थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। गांव में चौकीदार का परिवार रहता है। घटना वाले दिन पड़ोस में रहने वाला शौकीन पानी लेने के बहाने चौकीदार के घर पहुंचा था। गांव का शफीक भी उसके साथ था। दोनों ने चौकीदार की बेटी का अपहरण कर लिया था और कार में डालकर अपने साथ ले गए थे। 

कार में पहले से रोहित और माजिद बैठे हुए थे। युवती को कैलसा बॉर्डर के पास गन्ने के खेत में ले जाकर रिवाल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई थी। शौकीन और शफीक युवती को रोहित और माजिद के हवाले कर वहां से चले गए थे। माजिद और रोहित ने युवती के साथ दुष्कर्म किया था। अगले दिन सुबह खेत के पास रहने वाली युवती तनु ने पीड़ित युवती को फुसलाकर अपने घर ले जाने के बाद बंधक बना लिया था। 

इसके बाद रोहित और माजिद ने इस घर में भी उसके साथ दुष्कर्म किया था। इतना ही नहीं बाद में तनु ने पीड़िता को पंजाब के एक व्यक्ति को तीन लाख रुपये में बेच दिया था। किसी को भी मामले की जानकारी देने पर पूरे परिवार को अंजाम भुगतने की धमकी दी गई थी। बाद में युवती को परिजनों को सौंप दिया गया था। मामले में एसपी के आदेश पर पुलिस ने शौकीन, शफीक, माजिद, रोहित व तनु के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। 

विवेचना में पुलिस ने शौकीन व शफीक का नाम निकाल दिया था। बाकी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। केस की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विशेष एससी-एसटी एक्ट हेमलता त्यागी की कोर्ट में चल रही थी। अभियोजन पक्ष से विशेष लोक अभियोजक मनोज कुमार सक्सेना की ओर से पैरवी की गई। बुधवार को कोर्ट में केस की अंतिम सुनवाई हुई। कोर्ट ने माजिद, रोहित व तनु को दोषी करार दिया। माजिद को उम्रकैद की सजा सुनाते हुए 47 हजार तथा रोहित व तनु को 20-20 साल जेल की सजा सुनाई गई।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: युवक की हत्या करने पर तीन दोषियों को मिला आजीवन कारावास, कोर्ट ने लगाया 15 हजार रुपये का जुर्माना

 

संबंधित समाचार