हेल्थ सिटी विस्तार हॉस्पिटल का लोकार्पण कर बोले मुख्यमंत्री योगी- हर व्यक्ति को स्वास्थ्य की सुविधा प्राप्त करने का अधिकार
लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, आज चिकित्सा के क्षेत्र में यह प्रदेश नए कीर्तिमान गढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश देश की आबादी का सबसे बड़ा राज्य है। इतनी बड़ी आबादी वाले राज्य में सभी को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिले इसके लिए जरूरी है कि निजी और सरकारी क्षेत्र के लोग स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ काम करें।
इस तरह का कार्य अब उत्तर प्रदेश में हो रहा है। जिसका परिणाम आज हेल्थ सिटी विस्तार सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में देखा जा सकता है। 300 बेड के इस अस्पताल में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। इसके लिए डॉक्टर संदीप कपूर और उनकी टीम को बहुत-बहुत बधाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को हेल्थ सिटी विस्तार हॉस्पिटल के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि साल 2017 के बाद प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने से स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन हुआ है। एक समय था जब हम यह सोचते थे कि लोगों को चिकित्सा सुविधा निशुल्क मिले, वह सपना आज आयुष्मान योजना से पूरा हो रहा है। हेल्थ सिटी विस्तार हॉस्पिटल का लोकार्पण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह इन्वेस्टर समिट के दौरान लिए गए संकल्प का परिणाम है। जो हेल्थ सिटी हॉस्पिटल के तौर पर दिखाई पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य उत्तर प्रदेश है यहां 25 करोड़ की आबादी निवास करती है। जिसमें सबसे अधिक संख्या युवाओं की है। युवाओं की सबसे बड़ी जरूरत रोजगार है और रोजगार निजी और सरकारी दोनों क्षेत्र में दिया जा रहा है, आगे भी इसकी संभावनाएं तलाशी जा रही है। इसी के तहत प्रदेश में इन्वेस्टर समिट का आयोजन किया गया था, जिससे निवेश का मार्ग प्रशस्त हो।
2017 से पहले प्रदेश में कोई निवेश नहीं करना चाहता था ।क्योंकि निवेश की पहली शर्त होती है राज्य में कानून व्यवस्था का मजबूत होना, लेकिन दुर्भाग्य से यूपी में यह व्यवस्था 2017 से पहले ठीक नहीं थी। यहां आए दिन दंगे होते थे, ना बेटी सुरक्षित थी, ना व्यापारी सुरक्षित था, लेकिन हमारी सरकार ने कानून व्यवस्था का ऐसा मॉडल दिया, जिसे आज पूरा देश स्वीकार कर रहा है। आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज है और निवेश की नई संभावनाएं पंख फैलने लगी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिले इसके लिए कार्य हो रहा है, करीब 6 लाख 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने में सरकार सफल रही है। इसके अलावा निजी क्षेत्र में भी युवाओं को रोजगार और नौकरी मिले इसके लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
ये भी पढ़ें- रायबरेली: अयोध्या में तैनात सिपाही का घर में लटकता मिला शव, जांच में जटी पुलिस
