उपभोक्ताओं को जल्द और आसानी से मिले बिजली कनेक्शन: श्रीकांत शर्मा
लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने झटपट कनेक्शन, निवेश मित्र पोर्टल तथा निजी नलकूपों के बिजली कनेक्शनों को देने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। शक्ति भवन में समीक्षा बैठक में उन्होंने झटपट योजना के तहत विद्युत कनेक्शनों को निर्गत करने में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की। …
लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने झटपट कनेक्शन, निवेश मित्र पोर्टल तथा निजी नलकूपों के बिजली कनेक्शनों को देने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। शक्ति भवन में समीक्षा बैठक में उन्होंने झटपट योजना के तहत विद्युत कनेक्शनों को निर्गत करने में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की।
इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि उपभोक्ता को विद्युत कनेक्शन शीघ्र एवं आसानी से मिले इसके लिए तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए यह योजना शुरू की गई है। इसलिए समयबद्ध तरीके से इसका निस्तारण होना चाहिए। इसी तरह उन्होंने निजी नलकूपों के ऊर्जीकरण एवं निवेश मित्र पोर्टल के लंबित मामलों पर भी नाराजगी व्यक्त कर प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार सिंचाई सुविधा बढ़ाकर किसानों को अधिक से अधिक सुविधा देना चाहती है। निजी नलकूपों के ऊर्जीकरण में विलंब नहीं होना चाहिए। यदि किसी भी तरह के उत्पीड़न या लापरवाही की शिकायत मिली तो दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पूर्ण जमा योजना के तहत आवेदित ट्यूबवेल कनेक्शनों के निर्गत होने में विलंब पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि एस्टीमेट जमा होने के एक माह के भीतर कनेक्शन अवश्य चालू कर दिया जाए।
कृषि कनेक्शनों में न हो देरी
कृषि कनेक्शनों में विलंब किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने उप्र पावर कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक को निर्देशित किया कि वे दोषियों के खिलाफ कार्रवाही करें।
ऊर्जा मंत्री ने प्रदेश के सभी डिस्कॉम्स की समीक्षा करते हुए झटपट, निवेश मित्र पोर्टल तथा पीटी डब्लू के लंबित आवेदनों पर नाराजगी जताई और निर्देशित किया कि पोर्टल पर आने वाले आवेदनों की नियमित स्क्रूटनी की जाए।
उपभोक्ता को समय से मिले कनेक्शन और बिल
डिस्कॉम स्तर पर प्रबंध निदेशक इसकी निगरानी कराएं कि किसी भी डिवीजन में कहीं भी किसी प्रकार के प्रकरण लंबित न हो। उपभोक्ता को समय से कनेक्शन व समय से सही बिल मिले यह सुनिश्चित होना चाहिए।
निवेश मित्र पोर्टल पर 101 आवेदन लंबित हैं। इसी तरह झटपट पोर्टल पर 5445 आवेदन लंबित है। यद्दपि 19051 आवेदनों को समय से निस्तारित किया गया। निजी नलकूप पोर्टल पर 5029 आवेदन लंबित है। जिस पर ऊर्जा मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
ऊर्जा मंत्री के निर्देशों के अनुपालन में उप्र पावर कार्पोरेशन के प्रबंध निदेशक एम. देवराज ने लंबित प्रकरणों के सन्दर्भ में प्रदेश के सभी वितरण निगमों के प्रबन्ध निदेशकों को निर्देशित किया है कि वे लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
