बरेली : एसएसपी बरेली बोल रहा हूं, पांच हजार खाते में भेजो

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

महिला से साइबर ठगी की कोशिश, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

बरेली/कैंट, अमृत विचार। थाना कैंट क्षेत्र की एक महिला के पास साइबर ठग ने फोन कर कहा कि एसएसपी बरेली बोल रहा हूं। खाते में पांच हजार रुपये भेजो नहीं तो जेल भेज दूंगा। पुलिस अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर नंबर से उसकी पहचान की कोशिश कर रही है। इससे पहले भी पुलिस अधिकारी या थाना प्रभारी बनकर ठगी के मामले सामने आ चुके हैं।

गांव पीपल गौटिया निवासी विनीता ने बताया कि उन्होंने अपने ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस को कई शिकायती पत्र दिए हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि 4 अगस्त को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि मैं एसएसपी बरेली बोल रहा हूं। पांच हजार रुपये ऑनलाइन खाते में भेजो। मैं तुम्हारा मुकदमा लिखकर तुम्हारे ससुराल वालों को जेल भेज दूंगा। जब महिला ने स्वयं मिलने को कहा तो उसने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद एक अन्य नंबर से भी आरोपी लगातार उन्हें धमकी दे रहा है। महिला ने मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य से की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर कैंट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर जांच कर रही है।

संबंधित समाचार