मुरादाबाद : तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों के ट्रैक्टर में सामने से मारी टक्कर, बाल-बाल बचे शिवभक्त
हादसे के बाद श्रद्धालुओं ने किया हंगामा, कार्रवाई की मांग पर अड़े
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार ने कांवड़ियों के ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में शिवभक्त बाल-बाल बच गए। गुस्साए श्रद्धालुओं ने हंगामा शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने श्रद्धालुओं को समझाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। कार चालक के खिलाफ शिव भक्तों ने तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामपुर के थाना पटवाई क्षेत्र के शिवभक्त ट्रैक्टर सजाकर बृजघाट से कांवड़ लेने के लिए निकले थे। इसी दौरान जीरो प्वाइंट दलपतपुर के निकट हादसे का शिकार हो गए। हाईवे पर सामने आ रही तेज रफ्तार कार डिवाइडर फांदकर ट्रैक्टर में जा टकराई। हादसे में ट्रैक्टर ट्राली में सवार श्रद्धालु बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद श्रद्धालु हंगामा करने लगे और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। भनक लगने पर बजरंग दल और किसान यूनियन के नेता भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं और शिवभक्तों ने सामूहिक रूप से सीओ हाईवे कुलदीप सिंह को तहरीर दी। सीओ हाईवे ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया है कि शिवभक्तों को समझाकर गंतव्य के लिए रवाना किया गया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर मार्गों में किया बदलाव, इन वैकल्पिक मार्गों से चलेंगे वाहन
